Bhopal News : भोपाल के निकट विदिशा में हत्या का मामला प्रकाश में आया है। फरियादी शुभम सेन ने थाना कोतवाली विदिशा में मुखर्जीनगर निवासी अभिषेक मौर्य, मुकेश मौर्य व सरवन रैकवार के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। शिकायत में शुभम ने बताया है कि बंटी मौर्य उसकी बहन से बात करने का प्रयास करता था, इसी बात को लेकर विवाद हो गया था। शुभम ने अपनी बहन से छेड़छाड़ का विरोध किया था। इसके बाद तीन लोगों ने तलवार, चाकू, डंडा लेकर उसे मारने उसे दौड़ा दिया। इस दौरान वह घर के अंदर भागकर चला गया। तीनों बदमाशों को रोकने के लिये शुभम के पिता राकेश सेन दरवाजे के पास आकर खड़े हो गए। हमलावरों ने उन पर ही तलवार, चाकू व डंडे से हमला बोल दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
बता दें कि लड़की के पिता को इलाज के लिए उनके भाई पड़ोसी के साथ अस्पताल लेकर पहुंचे। इस प्रकरण में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। घायल पिता राकेश को रात्रि में ही विदिशा अस्पताल से हमीदिया अस्पताल भोपाल रेफर कर दिया गया था। वहां उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस ने हथियार जब्त कर किया गिरफ्तार
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने वारदात के कुछ ही घंटों के बाद जघन्य अपराध के दोनों आरोपी अभिषेक मौर्य, मुकेश मौर्य को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त तलवार व चाकू को भी जब्त कर लिया गया। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया था । साथ ही सबूत के तौर पर हथियार भी जब्त कर न्यायालय में सबूत के तौर पर पेश कर दिया गया। न्यायालय ने दो आरोपियों को जेल भेजा दिया है। एक आरोपी सरवन रैकवार को भी पुलिस ने कुछ ही घंटे बाद गिरफ्तार कर लिया है।
गंभीर धाराओं में दर्ज किए गए केस
सीएसपी विकास पांडे ने बताया है कि मामले की जांच चल रही है। पुलिस टीम को जिला अस्पताल व घटनास्थल पर भेज कर मृतक के बेटे शुभम की रिपोर्ट पर विवेचना की गई है। रात्रि में ही मामले की जानकारी मिली थी। गंभीर रूप से घायल पिता को विदिशा अस्पताल से हमीदिया अस्पताल भोपाल रेफर होने पर जानकारी मिली। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। प्रकरण में आईपीसी की धारा 302 को भी जोड़ दिया गया है।
