भोपाल

Indore: राजा रघुवंशी हत्याकांड में नई गिरफ्तारी, प्रॉपर्टी ब्रोकर ने की थी आरोपियों की मदद

Indore News: राजा रघुवंशी हत्याकांड में पुलिस ने प्रॉपर्टी ब्रोकर शिलोम जेम्स को गिरफ्तार किया, जिसने आरोपी को फ्लैट मुहैया कराया और साक्ष्य छिपाए। सीसीटीवी व ऑटो चालक से सुराग मिले। शिलोम को सह-अभियुक्त बनाकर शिलांग ले जाया जाएगा।

Image

आरोपी को पकड़कर ले जाती हुई पुलिस

Photo : Times Now Digital

Raja Raghuvanshi Murder Case: राजा रघुवंशी हत्याकांड की जांच में बड़ा मोड़ आया है। शनिवार देर रात पुलिस ने इंदौर के प्रॉपर्टी ब्रोकर शिलोम जेम्स को गिरफ्तार किया। शिलोम पर आरोप है कि उसने आरोपी विशाल चौहान को वह फ्लैट किराए पर दिया, जिसमें हत्या की मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी घटना के बाद छिपी हुई थी।

ऑटो चालक बना बड़ा सुराग

पुलिस को इस मामले में अहम सुराग एक ऑटो चालक से मिला, जिसने 3 मई को एक टैक्सी ऐप सर्विस के जरिए नंदबाग से हीराबाग एक बैग पहुंचाया था। जांच में सामने आया कि बैग राजा और सोनम का था, जिसे बाद में फ्लैट में छिपा दिया गया था।

सीसीटीवी फुटेज से खुली साजिश की परतें

SIT ने 3 से 10 जून तक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें शिलोम अपनी कार में वही बैग ले जाते हुए दिखाई दिया। इस बैग में कथित रूप से देसी पिस्टल, 5 लाख नकद, राजा की चेन, मोबाइल और सोनम के कपड़े और आभूषण रखे गए थे।

गोली मारने की थी प्लानिंग

पुलिस जांच में पता चला कि शुरुआत में राजा की हत्या गोली मारकर की जाने की योजना थी। इसके लिए सिकलीगर से पिस्टल भी खरीदी गई थी लेकिन बाद में गला घोंटकर हत्या को अंजाम दिया गया।

पूछताछ से बचने के लिए शिलोम फोन बंद करके फरार होने लगा लेकिन शिप्रा थाना पुलिस ने टोल नाके पर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बैग छिपाने की बात कबूल कर ली। उसे मेडिकल जांच के बाद कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया।

आरोपों के घेरे में शिलोम

अब तक की जांच में यह स्पष्ट हो गया है कि शिलोम ने साक्ष्य छिपाने और आरोपी को पनाह देने में अहम भूमिका निभाई है। इसी के चलते उसे केस में सह-अभियुक्त बनाया गया है और उसे जल्द शिलांग ले जाया जाएगा। सूत्रों ने बताया कि बैग शहर के जिस फ्लैट में छिपाया गया था उसे जेम्स ने हत्याकांड के पांच गिरफ्तार आरोपियों में शामिल विशाल चौहान को किराये पर दिलाया था। जेम्स, इंदौर में संपत्ति प्रबंधन की एक फर्म चलाता है। उसने 13 जून को खुद मीडिया के सामने आकर दावा किया था कि चौहान ने 30 मई को उससे मुलाकात करके शहर के देवास नाका क्षेत्र में 17 हजार रुपये प्रति माह पर एक फ्लैट किराए पर लिया था और चौहान ने इसके लिए कॉन्ट्रैक्ट पर दस्तखत भी किए थे। मेघालय पुलिस जब सबूतों की तलाश में इस फ्लैट में पहुंची तो उसे यह फ्लैट खाली मिला था।

क्या है पूरा मामला

मेघालय के पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरामें बसे नोंग्रियाट गांव में 23 मई को राजा रघुवंशी और उसकी पत्नी सोनम रघुवंशी एक होमस्टे से चेकआउट करने के कुछ ही घंटों बाद रहस्यमय तरीके से लापता हो गए थे। जांच के दौरान पुलिस को राजा रघुवंशी का शव बरामद हुआ, जिससे मामले ने नया मोड़ ले लिया।

पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि सोनम ने ही अपने पति की हत्या की साजिश रची थी। इस योजना में उसके सहयोगी थे। उसका प्रेमी राज सिंह कुशवाह, आनंद सिंह कुर्मी, आकाश राजपूत और विशाल सिंह चौहान।

सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तारी के बाद 11 जून को शिलांग के जिला एवं सत्र न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया। जांच अभी जारी है और पुलिस साजिश के हर पहलू की गहराई से छानबीन कर रही है। इसी सिलसिले में यह नई गिरफ्तारी हुई है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारी author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article