शहर

भगवंत सिंह मान का विपक्ष पर प्रहार, बोले- "1,000 रुपये की घोषणा से उड़ी विपक्ष की नींद, 2027 में फिर बनेगी आप सरकार"

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोमवार को विधानसभा में बड़ा ऐलान करते हुए महिलाओं के लिए 1000-1500 रुपये की मासिक सहायता योजना की घोषणा की है। इसके साथ ही मान ने 'आप' सरकार की चार साल की उपलब्धियां, जैसे 63,943 सरकारी नौकरियां, मुफ्त बिजली और स्वास्थ्य सुधारों के बारे में गिनाया।

Image

विधानसभा में बोलते भगवंत मान

Photo : Times Now Digital

Punjab: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोमवार को विधानसभा में विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार की लोक-कल्याणकारी योजनाओं, विशेषकर महिलाओं के लिए 1,000 रुपये की मासिक सहायता की घोषणा से विपक्षी खेमे में घबराहट है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि 'आप' सरकार ने महज चार साल में अपनी सभी चुनावी गारंटियां पूरी कर दी हैं, जिससे यह साफ है कि साल 2027 में भी पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार ही वापसी करेगी।

'मुख्यमंत्री मांवा-धीयां सत्कार योजना' का आगाज

मुख्यमंत्री ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए ‘मुख्यमंत्री मांवा-धीयां सत्कार योजना’ की घोषणा की। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत 18 वर्ष से अधिक उम्र की सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1,000 रुपये और एस.सी. वर्ग की महिलाओं को 1,500 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे। इस योजना के लिए रजिस्ट्रेशन 13 अप्रैल से शुरू होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राशि केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि पंजाब की माताओं और बहनों के लिए मान-सम्मान है।

मेनिफेस्टो को कहा 'पवित्र दस्तावेज'

भगवंत सिंह मान ने पारंपरिक पार्टियों (अकाली दल, भाजपा और कांग्रेस) पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके लिए मेनिफेस्टो केवल एक चुनावी खानापूर्ति थी, जिसे वे कभी पूरा नहीं करते थे। उन्होंने कहा, "हमने अपने मेनिफेस्टो को पवित्र दस्तावेज माना है। अरविंद केजरीवाल ने राजनीति में स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे बुनियादी मुद्दों को केंद्र में लाकर एक नई क्रांति की शुरुआत की है, जिसके कारण अब विपक्षी दलों को भी इन विषयों पर बात करने के लिए मजबूर होना पड़ा है।"

शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ा बदलाव

राज्य में स्वास्थ्य क्रांति का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि 881 आम आदमी क्लीनिकों में अब तक 5 करोड़ से अधिक लोग इलाज करा चुके हैं। उन्होंने देश की पहली ऐसी स्वास्थ्य योजना का उल्लेख किया जिसमें हर परिवार को 10 लाख रुपये तक का मुफ्त कैशलेस इलाज मिलेगा। शिक्षा के क्षेत्र में सुधारों पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि 118 स्कूल ऑफ एमिनेंस स्थापित किए जा रहे हैं और शिक्षकों को फिनलैंड व सिंगापुर जैसे देशों में ट्रेनिंग के लिए भेजा जा रहा है।

पारदर्शी रोजगार और 'अटैची कल्चर' का अंत

मुख्यमंत्री ने गर्व से कहा कि पिछले चार सालों में योग्यता के आधार पर 63,943 सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब से 'अटैची कल्चर' (रिश्वतखोरी) का अंत हो गया है और अब गरीब घरों के युवाओं को भी बिना किसी सिफारिश के नौकरी मिल रही है। साथ ही, उन्होंने बताया कि लुधियाना में टाटा स्टील प्लांट का उद्घाटन 20 मार्च को होगा, जिससे 4,000 युवाओं को सीधा रोजगार मिलेगा।

बुनियादी ढांचे और कृषि में ऐतिहासिक सुधार

मान ने कहा कि पंजाब अब विकास की तेज गति पर है। पहली बार किसानों को दिन में बिजली मिल रही है और गन्ने का सर्वाधिक भाव (416 रुपये प्रति क्विंटल) दिया जा रहा है। उन्होंने 'मेरी रसोई' योजना का जिक्र किया, जिसके तहत 40 लाख परिवारों को पोषण युक्त राशन दिया जाएगा। साथ ही, 19 टोल प्लाजा बंद कर जनता के रोजाना 64 लाख रुपये बचाए गए हैं। भ्रष्टाचार पर प्रहार करते हुए उन्होंने बताया कि एंटी-करप्शन लाइन के जरिए अब तक 1000 से अधिक गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article