शहर

'रिफाइंड' और 'अल्ट्रा रिफाइंड' के नाम पर एक ही तेल? बीड में चार ठिकानों पर छापेमारी के बाद 1.93 करोड़ रुपये का स्टॉक सीज

महाराष्ट्र के बीड जिले में खाद्य तेल की रीपैकेजिंग और स्टोरेज में गड़बड़ियों को लेकर प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है। चार ठिकानों पर छापेमारी के दौरान करीब 1.93 करोड़ रुपये का 1.18 लाख किलो से ज्यादा खाद्य तेल जब्त किया गया।

Image

बीड में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई से मचा हड़कंप

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Maharashtra News: महाराष्ट्र के बीड जिले में खाद्य तेल की रीपैकेजिंग और भंडारण से जुड़े नियमों के उल्लंघन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिले में चार अलग-अलग स्थानों पर हुई जांच के दौरान अधिकारियों ने 1 लाख 18 हजार 940 किलो से अधिक खाने का तेल जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 93 लाख रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई बीड शहर की दो खाद्य तेल रीपैकिंग इकाइयों, वडवनी में एक प्रतिष्ठान और माजलगांव स्थित एक तेल भंडारण गोदाम में की गई। निरीक्षण के दौरान खाद्य तेल की पैकेजिंग और लेबलिंग को लेकर गंभीर अनियमितताएं सामने आने का दावा किया गया है।

तेल के पूरे स्टॉक सीज कर लिए गए

जांच में आरोप है कि एक ही प्रकार के खाद्य तेल को अलग-अलग पैकेट और लेबल के जरिए 'रिफाइंड' तथा अल्ट्रा रिफाइंड’ के नाम से बाजार में बेचने की तैयारी की जा रही थी। इस खुलासे के बाद खाद्य तेल की गुणवत्ता, पैकेजिंग और उपभोक्ताओं को दी जाने वाली जानकारी को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन ने चारों स्थानों पर मौजूद तेल के पूरे स्टॉक को सीज कर दिया। इसके साथ ही संबंधित प्रतिष्ठानों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए और चारों जगहों को बंद करा दिया गया।

इन चार स्थानों पर हुई कार्रवाई

बीड शहर: दो ऑयल रीपैकिंग यूनिट

वडवनी: एक प्रतिष्ठान

माजलगांव: एक खाद्य तेल गोदाम

कार्रवाई में क्या सामने आया?

जब्त खाद्य तेल: 1,18,940 किलो से अधिक

जब्त स्टॉक की अनुमानित कीमत: करीब 1.93 करोड़ रुपये

लाइसेंस: चारों प्रतिष्ठानों के सस्पेंड

स्टॉक: पूरी तरह सीज

प्रतिष्ठान: कार्रवाई के बाद बंद

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद बीड जिले के खाद्य तेल कारोबार से जुड़े लोगों में भी हलचल बढ़ गई है। वहीं, इस मामले ने खाद्य तेल के स्टोरेज, रीपैकेजिंग, लेबलिंग और बाजार में बिक्री से जुड़े नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article