Barabanki News: बाराबंकी में 10वीं वाहिनी पीएसी में तैनात 2021 बैच के एक सिपाही ने रविवार सुबह फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव मसौली स्थित पीएसी परिसर के आरटीसी हॉस्टल में फंदे से लटका मिला। बताया जा रहा है कि यह हॉस्टल रंगरूटों के लिए इस्तेमाल होता है और फिलहाल खाली था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और पीएसी के अधिकारी मौके पर पहुंचे। मृतक की पहचान मेरठ के रोहता निवासी दीपक सिंह के रूप में हुई है। दीपक साल 2021 से ही 10वीं वाहिनी पीएसी में तैनात थे। रविवार सुबह करीब छह बजे उनका शव हॉस्टल में टी-शर्ट के बनाए फंदे से लटका मिला। जानकारी मिलने पर पीएसी कमांडेंट राकेश कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद सीओ रामनगर गरिमा पंत और मसौली थाना प्रभारी अजय प्रकाश त्रिपाठी ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की।
2022 में शोभा देवी से हुई थी शादी
पुलिस ने परिवार को घटना की जानकारी दे दी है। दीपक तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके बड़े भाई अजय सिंह नोएडा के एक थाने में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात हैं, जबकि दूसरे भाई गौतम सिंह कृषि विभाग में जूनियर इंजीनियर हैं। दीपक की शादी साल 2022 में शोभा देवी से हुई थी। उनकी करीब दो साल की एक बेटी भी है। परिजनों के अनुसार, दीपक पिछले कुछ समय से ऑनलाइन गेमिंग की लत के कारण आर्थिक परेशानियों में घिर गए थे। गेमिंग के चलते उन पर लाखों रुपये का कर्ज होने की बात सामने आई है। इसके साथ ही वह नशे की गिरफ्त में भी आ गए थे। इन परिस्थितियों के कारण वह मानसिक रूप से परेशान रहते थे और उनका इलाज भी कराया गया था।
घरेलू विवाद, ऑनलाइन गेमिंग, नशे की लत और कर्ज
मृतक के बड़े भाई अजय सिंह के मुताबिक, दीपक की हालत को देखते हुए उन्होंने उसे मनोवैज्ञानिक (साइकोलॉजिस्ट) से भी दिखाया था। पारिवारिक परिस्थितियों के चलते उसकी पत्नी पिछले करीब छह महीने से पीएसी परिसर में उसके साथ न रहकर ससुराल में रह रही थी। पुलिस की शुरुआती जांच में घरेलू विवाद, ऑनलाइन गेमिंग, नशे की लत और कर्ज से जुड़े पहलू सामने आए हैं। पुलिस ने दीपक का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया है और उसमें मौजूद जानकारी की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
