बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में प्रशांत किशोर ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा को भारी अंतर से हराकर कर अपना पहला चुनाव जीत लिया है। उनकी इस जीत पर राजनेताओं की प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। इस बीच, राजद सांसद और लालू प्रसाद यादव की बड़ी बेटी मीसा भारती ने प्रशांत किशोर की बढ़त पर तंज कसा है। उन्होंने जनसुराज को भाजपा की बी टीम बताते हुए पीके की जीत को भाजपा की जीत करार दिया। वहीं, उनकी बहन रोहिणी आचार्य ने पीके को बधाई दी है।
मीसा भारती ने साधा निशाना
राजद सांसद मीसा भारती ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना में प्रशांत किशोर को लेकर कहा कि वैसे तो ये भाजपा के प्रत्याशी की हार है लेकिन प्रशांत किशोर यदि वहां जीत रहे हैं तो ये भाजपा की ही जीत है। उन्होंने सवाल खड़े करते हुए कहा कि वहां पर प्रत्याशी बदले गए,क्या कारण रहा कि प्रत्याशी बदले गए?
उन्होंने कहा कि जनता को प्रशांत किशोर ने बहुत सारे वादे किए हैं जो कि असंभव है। किसी भी पार्टी के सांसद हों,विधायक हों, उसके लिए ये सब कर पाना बहुत मुश्किल है। ये जगह भाजपा का गढ़ है,जहां पिछले 35-40 सालों से कोई काम नहीं हुआ है उसमें वे कह रहे हैं कि बच्चों को पटना के प्राइवेट स्कूल में भर्ती करवा देंगे,सरकारी स्कूलों में जाने की आवश्यकता नहीं है। जनता को सच्चाई पता नहीं है कि प्रशांत किशोर ही भाजपा के असली प्रत्याशी हैं। जनता को ये बात समझने में समय लगेगा लेकिन जब वे जीत जाएंगे तो ये देखने को मिलेगा।
रोहिणी आचार्य ने दी जीत की बधाई
वहीं, लालू यादव की दूसरी बेटी रोहिणी आचार्य ने पीके को बधाई दी है। उन्होंने लिखा कि बांकीपुर उपचुनाव के परिणामों ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि जीत उसी की होती है,जो निरंतर संघर्ष करता है,जनता के बीच लगातार बना रहता है और अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों का सम्मान करता है तथा उनसे सतत संवाद और संपर्क बनाए रखता है। यह जीत केवल भाजपा के खिलाफ नहीं, बल्कि लोकतंत्र में जनता के अटूट विश्वास की भी जीत है। विजयी प्रत्याशी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। जनसेवा के प्रति समर्पित उनके सफल कार्यकाल और उज्ज्वल भविष्य के लिए अनंत मंगलकामनाएं।
बढ़त के बीच क्या बोले प्रशांत किशोर?
जीत की ओर बढ़ने के दौरान प्रशांत किशोर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह परिणाम भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के लिए भी एक संदेश है। उन्होंने कहा कि बिहार को एक अच्छा मुख्यमंत्री चाहिए और राज्य से पलायन रोकने के लिए ठोस नीति बनाई जानी चाहिए।
उन्होंने कहा, "यह भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को संदेश देने का प्रयास है। एक अच्छे आदमी को मुख्यमंत्री बनाइए। बिहार में रोजगार हो, बच्चे बाहर न जाएं। जिन्होंने मुझे वोट दिया उनका धन्यवाद और जिन्होंने नहीं दिया, उनका विश्वास जीतने के लिए और काम करेंगे।" उन्होंने आगे कहा, "30 दिन में 30 साल का गढ़ ढह गया है। मोदी जी को बिहार के लोगों ने भी वोट दिया है। जैसे गुजरात की चिंता है, वैसे ही बिहार की भी चिंता हो। ऐसा कार्यक्रम बने जिससे पलायन रुके।"
क्यों हुआ था उपचुनाव?
बांकीपुर विधानसभा सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। इसके बाद निर्वाचन आयोग ने इस सीट पर उपचुनाव कराया। चुनाव में जन सुराज के प्रशांत किशोर, भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की रेखा गुप्ता के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिला।
