शहर

Hottest City: एक बार फिर बांदा बना भारत का सबसे गर्म शहर, नौतपा में भीषण गर्मी से तप रहे ये जिले

नौतपा के पहले दिन यानी सोमवार को उत्तर प्रदेश का बांदा भारत का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया। इस दौरान यहां का अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस रहा। कुछ दिनों पहले बांदा को दुनिया का सबसे गर्म शहर भी दर्ज किया गया था। यहां दिन-रात प्रचंड गर्मी पड़ रही है।

Image

भारत का सबसे गर्म शहर

Hottest City in India: देशभर में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार जारी है। सोमवार से नौतपा की शुरुआत भी हो गई है। उत्तर प्रदेश का बांदा एक बार फिर से देश का सबसे गर्म शहर रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, सोमवार (25 मई 2026) को बांदा का अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.1 डिग्री अधिक रहा। बांदा में चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। दिन के साथ ही रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। बांदा में आज भी भीषण लू (Severe Heat Wave) को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही रात में वॉर्म नाइट (Warm Night) की चेतावनी दी गई है।

देश के तीन सबसे गर्म शहर

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को देश का दूसरा सबसे गर्म शहर महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र का ब्रह्मपुरी रहा। जहां का अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले लगातार तीन दिन ब्रह्मपुरी भारत का सबसे गर्म शहर बना रहा। शुक्रवार, शनिवार और रविवार को यहां देश में सबसे अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया। सोमवार को मध्य प्रदेश का खजुराहो भी 47.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश के सबसे गर्म शहरों में शुमार रहा। वहीं यूपी में बांदा के अलावा झांसी, उरई, प्रयागराज और आगरा भी बीते दिन गर्म शहरों में शामिल रहे। इन शहरों का तापमान 45 से 46 डिग्री के बीच रहा। जिनमें झांसी में 46 डिग्री, उरई में 45.8 डिग्री, आगरा में 45.5 डिग्री और प्रयागराज में 45.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

देशभर में 26 मई को कैसा रहेगा मौसम

IMD के अनुसार, आज यानी 26 मई को हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में हीटवेव() का अलर्ट जारी किया गया है। कई जगहों पर वॉर्म नाइट की चेतावनी भी दी गई है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी आज उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करेगी।

दूसरी ओर देश के कई हिस्सों में मौसम का दूसरा रूप भी देखने को मिल रहा है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, बिहार, केरल, तमिलनाडु और लक्षद्वीप समेत कई राज्यों में मंगलवार को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान बिहार में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है, जबकि आंध्र प्रदेश, झारखंड, तेलंगाना और कर्नाटक में तूफान का अलर्ट जारी हुआ है।

नौतपा क्या है?

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार नौतपा के दौरान सूरज की किरणें सीधे धरती पर पड़ती हैं, जिससे तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होती है। नौतपा 9 दिनों की अवधि होती है, इस दौरान सबसे अधिक गर्मी और लू का प्रकोप रहता है। हालांकि मौसम विभाग ने उम्मीद जताई है कि आगामी कुछ दिनों में तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट देखने को मिल सकती है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें