शहर

बागपत डबल मर्डर केस: गोलीकांड में मुख्य आरोपी गैंगस्टर वरुण लुहारी की मौत, पुलिस ने पिता को किया गिरफ्तार

बागपत के बड़ौत में टेंट कारोबारी और उनके बेटे की हत्या मामले में बड़ी खबर सामने आई है। मुख्य आरोपी गैंगस्टर वरुण लुहारी भी मारा गया है। पुलिस ने उसके पिता बाबूराम को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच के लिए 10 टीमों का गठन किया गया है।

Image

बागपत डबल मर्डर केस में मुख्य आरोपी का पिता पिता बाबूराम गिरफ्तार

Photo : Times Now Digital

Baghpat Double Murder: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में मंगलवार को हुए सनसनीखेज डबल मर्डर केस में बड़ा अपडेट सामने आया है। पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी और कुख्यात गैंगस्टर वरुण लुहारी भी भी फायरिंग कांड में मारा गया। पुलिस ने उसके पिता और नामजद आरोपी बाबूराम लुहारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश और पूरे मामले के खुलासे के लिए 10 टीमें गठित की है। आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।

मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे बड़ौत निवासी टेंट कारोबारी सोहनलाल अग्रवाल (50) की दुकान पर तीन बदमाश दो बाइकों पर सवार होकर पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में सोहनलाल और उनके इकलौते बेटे विकास अग्रवाल (30) कई गोलियां लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

आरोपी वरुण लुहारी को कैसे लगी गोली

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फायरिंग के दौरान विकास ने एक हमलावर से उसकी पिस्टल छीनने की कोशिश की। इस दौरान चली गोली में एक बदमाश भी घायल हो गया। जिसकी पहचान बाद में मुख्य आरोपी गैंगस्टर वरुण लुहारी के रूप में हुई, जिसकी मौत हो गई। घटना के दौरान बदमाशों की गोली एक राहगीर रोहित (35) को लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

2015 से चल रही थी खूनी रंजिश

पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच साल 2015 से खूनी रंजिश चल रही थी। इसी दुश्मनी को लेकर आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। गुस्साए लोगों ने मंगलवार को बड़ौत बाजार बंद कर दिया और दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर जाम लगाकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। हालांकि पुलिस ने उन्हें समझाकर-बुझाकर जाम को खत्म कराया।

छह महीने पहले हुई थी शादी

जानकारी के अनुसार, मृतक विकास की शादी महज छह महीने पहले हुई थी और उसकी पत्नी दो माह की गर्भवती है। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। वहीं पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर मामले का पूरा खुलासा किया जाएगा।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article