शहर

बदायूं सीबीजी प्लांट मर्डर केस में सीएम योगी ने दिए SIT गठन के निर्देश, पीड़ित परिवारों के लिए जताई संवेदना

बदायूं के सीबीजी संयंत्र में दो वरिष्ठ अधिकारियों की हत्या ने पूरे प्रदेश को हिला दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर इस मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा कड़ी कर दी है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के कदम उठाए हैं।

Image

सीएम योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो: एएनआई)

Photo : ANI

Badaun CBG Plant Murder Case: उत्तर प्रदेश के बदायूं स्थित सीबीजी संयंत्र में दो अधिकारियों की हत्या की घटना के मद्देनजर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर इस मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि बरेली मंडल के मंडलायुक्त की अध्यक्षता में यह एसआईटी बनाई गई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ’एक्स’ पर साझा किए गए संदेश में कहा कि इस मामले में तुरंत कार्रवाई की जा चुकी है और घटना की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित की जाएगी। उनके निर्देशानुसार गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) घटना से जुड़ी सभी बारीकियों की गहन जांच करेगा, ताकि किसी भी तरह की लापरवाही या संभावित साजिश की पुष्टि होने पर दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कदम उठाए जा सकें।

अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में बताया कि मुख्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया है। फिर भी, यदि जांच के दौरान किसी भी प्रकार की साजिश या अन्य आपराधिक गतिविधियों के प्रमाण सामने आते हैं, तो प्रदेश सरकार अपनी ‘कतई न बर्दाश्त’ नीति के तहत अपराध और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। इस घटना के बाद संयंत्र की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए प्रशासन ने भी तत्काल कदम उठाए हैं।

परिवारों के साथ है प्रदेश सरकार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुखद घटना में प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं और कहा कि प्रदेश सरकार पूरी मजबूती के साथ पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने यह भी कहा कि न्याय सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जांच पूरी गंभीरता से की जाए और किसी भी दोषी को बख्शा न जाए।

क्या है घटना का विवरण?

गौरतलब है कि, बदायूं में गुरुवार को एक संयंत्र के दो वरिष्ठ अधिकारियों की गोली मारकर हत्या कर दी गई, और पुलिस ने इस मामले में एक ब्लैकलिस्टेड वेंडर को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार, यह घटना मूसाझाग थाना क्षेत्र के सजनी गांव में स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के संयंत्र में हुई। मृतक अधिकारियों की पहचान संयंत्र के महाप्रबंधक (जीएम) सुधीर कुमार गुप्ता (58) और सहायक महाप्रबंधक हर्षित मिश्रा (34) के रूप में की गई है।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article