शहर

जम्मू-कश्मीर के लिए 24 घंटे भारी, 4 जिलों में हिमस्खलन का अलर्ट जारी; बाहर निकलने पर बरतें सावधानी

Kashmir Avalanche Alert: जम्मू-कश्मीर के डोडा, किश्तवार, पुंछ और रामबन में अगले 24 घंटे के दौरान हिमस्खलन का अलर्ट जारी किया गया। सरकार ने हिमस्खलन संभावित क्षेत्रों से बचें और सलाह का पालन करने और किसी भी आपातकालीन स्थिति में 112 डायल करने की सलाह दी गई है।

Kashmir Avalanche Alert

जम्मू-कश्मीर में अवलांच का अलर्ट

Kashmir Avalanche Alert: पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। ऊंचाई वाले स्थानों पर भारी बर्फबारी से बर्फ के पहाड़ जम गए हैं, जिसके कारण हिमस्खलन का अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी ने अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर के डोडा, किश्तवार, पुंछ और रामबन में हिमस्खलन की संभावना जताते हुए चेतावनी जारी की है। जम्मू और कश्मीर सरकार ने अलर्ट जारी करते हुए कहा कि 2000 मीटर से अधिक ऊंचाई पर कम खतरे के स्तर का हिमस्खलन होने की संभावना है। लिहाजा, हिमस्खलन संभावित क्षेत्रों से बचें और सलाह का पालन करें। किसी भी आपातकालीन स्थिति में 112 डायल करें।

मौसम विभाग ने बताया कि पूरे कश्मीर में बुधवार रात से ही तापमान शून्य डिग्री के नीचे चल रहा है, जबकि गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान माइनस 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। श्रीनगर शहर में तापमान माइनस 0.6 डिग्री सेल्सियस और पहलगाम में न्यूनतम तापमान माइनस 4.5 डिग्री रहा। जम्मू शहर में 7.2 डिग्री सेल्सियस, कटरा शहर में 6.4, बटोटे में 0.9, बनिहाल में माइनस 2.6 और भद्रवाह में माइनस 3.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसी बीच , मौसम विभाग की ओर से बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

बारिश का अलर्ट

आईएमडी ने 31 जनवरी की शाम तक आमतौर पर सूखा और बादल छाए रहने का अनुमान लगाया है। 1 और 2 फरवरी को आमतौर पर बादल छाए रहने और कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना जताई है। वहीं, 3 से 6 फरवरी तक मौसम सूखा रहने का अनुमान है। गांदरबल, बांदीपोरा और कुपवाड़ा जिलों के अधिकारियों ने इन जिलों के ऊंचे इलाकों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है और वहां रहने वाले लोगों को बहुत सावधान रहने की सलाह दी है।

बता दें कि यह सलाह मंगलवार को सोनमर्ग में हुए हिमस्खलन के बाद जारी की गई है। हालांकि इसमें किसी जान-माल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन नुकसान का जायजा लेने के लिए पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीमों को तुरंत तैनात किया गया।

गांदरबल पुलिस ने कहा कि मौजूदा मौसम की वजह से हिमस्खलन की संभावना "बहुत ज्यादा" बनी हुई है। श्रीनगर-जम्मू नेशनल हाईवे बुधवार को दोनों तरफ के ट्रैफिक के लिए खोल दिया गया और यात्रियों को जाम से बचने के लिए लेन अनुशासन का पालन करने की सलाह दी गई है। जोजिला पास और पीर की गली में भारी बर्फबारी के कारण श्रीनगर-लेह और मुगल रोड अभी भी बंद हैं। अनंतनाग से जम्मू डिवीजन के किश्तवाड़ जिले को जोड़ने वाला सिंथन पास और बांदीपोरा जिले में गुरेज घाटी को जोड़ने वाला रजदान पास भी बंद हैं।

श्रीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फ्लाइट ऑपरेशन बुधवार को फिर से शुरू हो गए। कड़ाके की ठंड का 40 दिन का समय रहा, जिसे स्थानीय रूप से 'चिल्लई कलां' कहा जाता है, जो 21 दिसंबर को शुरू हुआ था और शुक्रवार को खत्म होगा

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pushpendra Kumar
Pushpendra Kumar author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ... और देखें

End of Article