शहर

Assam News: सुबह-सुबह CRPF कैंप में गूंजी गोलियों की आवाज, दो साथियों की हत्या के बाद ASI ने खुद को मारी गोली

असम के नगांव जिले में सीआरपीएफ कैंप के अंदर मंगलवार सुबह गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई। ड्यूटी पर तैनात एक एएसआई ने अपने साथियों पर फायरिंग कर उनकी जान ले ली, जबकि एक अन्य कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी एएसआई ने बैरक में जाकर खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी भी मौत हो गई।

Image

असम के CRPF कैंप में सनसनीखेज वारदात

Photo : ANI

Assam News: असम से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक कि राज्य के नगांव जिले में मंगलवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक अधिकारी ने अपने दो साथियों की गोली मारकर हत्या और एक अन्य को घायल करने के बाद आत्महत्या कर ली। नगांव की पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) परमिता सरकार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना कटिमारी में 34 बटालियन शिविर में सुबह करीब सात बजे हुई, जब मेन गेट पर ड्यूटी पर तैनात सहायक उपनरीक्षक बल्लानी प्रेमाबरम ने अपने साथियों पर गोली चला दी।

दो कर्मियों की हुई मौके पर मौत

पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) परमिता सरकार ने आगे कहा कि बाद में सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। अधिकारी ने बताया, "दो कर्मियों हवलदार विष्णु प्रसाद बघेल और उपनिरीक्षक रामनवल सिंह यादव की मौके पर ही मौत हो गई।" उन्होंने कहा कि इस घटना में सीआरपीएफ का एक और जवान एएसआई गोविंद श्रीपुल घायल हो गया और उसे एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर होने पर उसे गुवाहाटी चिकित्सा महाविद्यालय और अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

पूरे प्रकरण की जांच जारी

नगांव के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पार्थ प्रतिम दास ने घटनाक्रम के बारे में बताया कि आंध्र प्रदेश निवासी एएसआई प्रेमाबरम सुबह सीआरपीएफ शिविर के मुख्य गेट पर ड्यूटी के दौरान आवंटित हथियार के बिना पाए गए। दास ने बताया, "इसके बाद उसने गार्ड रूम से एक इंसास राइफल ली और क्वार्टर गार्ड के पिछले हिस्से की ओर गया, जहां उसने विष्णु प्रसाद बघेल पर गोली चला दी, जिससे उनकी मौत हो गई।" बताया गया है कि इसके बाद प्रेमाबरम ने रामनवल सिंह यादव पर गोली चला दी, जो लखनऊ से दस्तावेज सत्यापन के लिए आए थे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया, "एएसआई ने श्रीपुल पर भी गोली चलाई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गये। गोलीबारी के बाद प्रेमाबरम बी/171 बैरक में गया और खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी मौत हो गई।" दास ने बताया कि पुलिस केंद्रीय अर्धसैनिक बल के अधिकारियों के समन्वय में पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article