Bihar News: बिहार में ऐसा लग रहा है कि बच्चियां किसी भी जिले में सुरक्षित नहीं हैं। जमुई, मुजफ्फरपुर, नवादा, के बाद अब मधेपुरा में छात्रा के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। यहां परीक्षा देने गई छात्रा को मनचलों ने घेरकर बदतमीजी की है।
मधेपुरा के उदाकिशुनगंज की घटना
मधेपुरा के उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र में स्कूल के बाहर छात्रा से मिलने पहुंचे एक युवक को कुछ युवकों द्वारा घेरने और उसके साथ हाथापाई करने का मामला सामने आया है छात्रा के साथ बदसलूकी की घटना सामने आई है। घटनाक्रम का एक वीडियो वायरल हो रहा है। मामला अपग्रेड हाई स्कूल के आसपास का बताया जा रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि सभी आरोपी नाबालिग हैं। ये नाबालिग छात्र इस मामले में मोरल पुलिसिंग करते दिख रहे हैं।
छात्रा और युवक को घेरकर बदसलूकी
वायरल वीडियो में कुछ युवक स्कूल के बाहर छात्रा और उसके साथ मौजूद लड़के को घेरकर पूछताछ करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में युवक छात्रा और उसके साथ मौजूद लड़के से स्कूल के बाहर एकांत में खड़े होने को लेकर सवाल करते नजर आते हैं। इसी दौरान भीड़ में मौजूद कुछ युवक लड़के की बाइक की चाबी निकाल लेते हैं। युवक चाबी वापस मांगता है, लेकिन युवक चाबी देने से इनकार करते हुए मामले को सार्वजनिक करने की बात कहते नजर आते हैं। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगती है। मामला धीरे-धीरे धक्का-मुक्की और हाथापाई तक पहुंच जाता है। वीडियो में कुछ युवक लड़के को घेरकर उससे सवाल करते नजर आ रहे हैं। वहीं लड़का भी युवकों से उलझता दिखाई देता है। घटनाक्रम के दौरान आसपास मौजूद कुछ महिलाएं भी वहां पहुंचती हैं। कुछ लोग पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाते नजर आते हैं। बताया जा रहा है कि घटनाक्रम मंगलवार का है। वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में इसकी चर्चा होने लगी।
पुलिस ने क्या कहा
पुलिस ने इस मामले को लेकर कहा कि घटना संज्ञान में है। वीडियो मिलने के बाद पुलिस ने जांच की थी, छेड़खानी नहीं हुई है। नाबालिग छात्रों के द्वारा, एक अन्य युवक के वहां खड़े रहने और छात्रा से मिलने के संदेह में विवाद किया गया। बाद में स्कूल के टीचरों ने बच्चों को समझाकर वहां से हटा दिया। पुलिस ने कहा कि नाबालिगों को चुन्हित कर लिया गया है, उनके परिजनों को नोटिस दे दिया गया है। पुलिस ने कहा है कि जिन्होंने वीडियो वायरल किया है, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
