शहर

आंध्र प्रदेश के चित्तूर में भीषण हादसा, तीर्थयात्रियों से भरी बस की डंपर लॉरी से टक्कर, 4 लोगों की मौत

Chittoor Accident News: आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में गंगासागरम के पास एक निजी ट्रैवल्स बस की टक्कर डंपर लॉरी से हो गई। जिसके बाद बस पलट गई। इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई और 25 लोग घायल हुए हैं। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Image

फाइल फोटो

Chittoor Accident News: आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में गंगासागरम के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां एक निजी ट्रैवल्स बस ओवरटेक की कोशिश में सड़क के किनारे खड़ी डंपर लॉरी से टकरा गई और पलट गई। यब बस 40 तीर्थयात्रियों को त्रिची से लेकर तिरुपति जा रही थी। इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई और 25 अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में दो घंटे तक यातायात बाधित रहा।

हादसे के वक्त सो रहे थे यात्री

यह हादसा देर रात करीब 2 बजे हुआ। बस में सवार तीर्थयात्री मंदिर में पूजा करने के बाद तिरुपति से लौट रहे थे। हादसे के वक्त ज्यादातर बस सवार गहरी नींद में थे। कुछ देर तक समझ में नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है। चीख-पुकार मच गई। इसके बाद कुछ लोगों ने किसी तरह इमरजेंसी डोर से निकलकर साथी सवारों की मदद की। वहां से गुजर रहे कुछ लोग भी मदद को आगे आए।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल की टीम मौके पर पहुंची और आनन-फानन में सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों को चित्तूर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं गंभीर रूप से घायल छह लोगों को तिरुपति के एसवीआईएमएस अस्पताल में रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इस घटना में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस की ओर से जांच की जा रही है।

डीएम ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य कराया

जिलाधिकारी सुमित कुमार ने तत्परता से मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू कराया। साथ ही पुलिस ने यह जानकारी दी कि दुर्घटना में कुछ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इससे पहले आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले के पालमानेर में बेंगलुरु-तिरुपति राजमार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ था। यह हादसा मोगिली घाट के पास हुआ था, जहां दो लॉरी एक बस से टकरा गई थीं। इस हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई और 30 अन्य घायल हो गए थे।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article