शहर

अमृतसर पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, BKI आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

Amritsar: पंजाब के अमृतसर में पुलिस की टीम ने बीकेआई के एक आतंकी और जबरन वसूली मॉड्यूल को ध्वस्त करने में बड़ी सफलता हासिल की। इस दौरान पुलिस ने इसमें शामिल दो लोगों को गिरफ्तार भी किया है। गिरफ्तार अपराधियों से मामले पूछताछ की जा रही है।

Image

अमृतसर पुलिस ने किया बीकेआई आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश

Photo : iStock

Amritsar: पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान के आईएसआई समर्थित बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के एक आतंकी और जबरन वसूली मॉड्यूल को ध्वस्त करने में बड़ी सफलता हासिल की है। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने बीकेआई के ऑपरेटिव जीवन फौजी से जुड़े दो आरोपियों, करजप्रीत सिंह और गुरलाल सिंह उर्फ हरमन, को गिरफ्तार किया है। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने एक्स पोस्ट के जरिए इस ऑपरेशन की जानकारी साझा की, जिसमें उन्होंने इसे आतंकी नेटवर्क के खिलाफ महत्वपूर्ण कदम बताया।

जीवन फौजी के जबरन वसूली रैकेट का पर्दाफाश

प्रारंभिक जांच के अनुसार, जीवन फौजी पंजाब के सीमावर्ती जिलों में जबरन वसूली का रैकेट चला रहा था। उसने तरनतारन के वेरोवाल निवासी करजप्रीत सिंह और गोइंदवाल साहिब निवासी गुरलाल सिंह को 30 बोर की पिस्टल उपलब्ध कराई थी। दोनों को अमृतसर में एक फर्नीचर की दुकान पर गोलीबारी करने का निर्देश दिया गया था। यह घटना जबरन वसूली का हिस्सा थी, जिसमें जीवन फौजी ने कनाडा में रहने वाले दुकान मालिक के रिश्तेदार से फिरौती मांगी थी। इस गोलीबारी का मकसद दहशत फैलाकर पैसे वसूलना था।

हथियार बरामद करने के लिए पुलिस ने चलाया ऑपरेशन

पुलिस ने गुरलाल सिंह के खुलासे के आधार पर हथियार बरामद करने के लिए एक ऑपरेशन चलाया। इस दौरान गुरलाल ने पुलिस पर गोली चलाने की कोशिश की, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की। इस मुठभेड़ में गुरलाल के बाएं पैर में गोली लगी और उसे तुरंत अमृतसर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने हथियार बरामद कर लिया और इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

पंजाब डीजीपी ने एक्स पोस्ट पर लिखा, "पाकिस्तान के आईएसआई समर्थित आतंकी नेटवर्क के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए, अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के ऑपरेटिव जीवन फौजी से जुड़े एक आतंकी और जबरन वसूली मॉड्यूल को सफलतापूर्वक ध्वस्त कर दिया है। उसके दो साथियों, तरनतारन के वेरोवाल निवासी करजप्रीत सिंह और गोइंदवाल साहिब निवासी गुरलाल सिंह उर्फ हरमन, को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि बीकेआई का सक्रिय सदस्य जीवन फौजी पंजाब के सीमावर्ती जिलों में व्यक्तियों को निशाना बनाकर जबरन वसूली करने वाले गिरोह का संचालन कर रहा था। इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और इस आतंकी नेटवर्क को पूरी तरह से खत्म करने के लिए आगे की जांच जारी है। पंजाब पुलिस आतंकी मॉड्यूल को कुचलने और क्षेत्र में शांति और सद्भाव सुनिश्चित करने के अपने मिशन पर अडिग है।" पंजाब पुलिस ने इस ऑपरेशन को आतंकी गतिविधियों पर लगाम लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। डीजीपी ने कहा कि जांच अभी जारी है और इस नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

(इनपुट - आईएएनएस)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article