शहर

उत्तराखंड में UCC लागू होने पर गदगद हुए अमित शाह, बोले- 'अब देश के 15 राज्य इस दिशा में बढ़े, सभी बीजेपी शासित राज्यों में लागू होगा कानून'

Uniform Civil Code BJP Ruled States: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड में UCC लागू करने की सराहना करते हुए कहा कि धीरे-धीरे इसे सभी बीजेपी शासित राज्यों में लागू किया जाएगा।

Image

उत्तराखंड में UCC लागू होने पर गदगद हुए अमित शाह, बोले- 'अब देश के 15 राज्य इस दिशा में बढ़े, सभी बीजेपी शासित राज्यों में लागू होगा कानून'

Amit Shah Uttarakhand UCC Praise: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड में देश का पहला समान नागरिक संहिता (UCC) लागू होने की पुरजोर सराहना की है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने पूरे देश के सामने एक ऐतिहासिक मिसाल पेश की है और अब इस मॉडल को आगे बढ़ाते हुए देश के 15 अन्य राज्य भी UCC बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री ने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) धीरे-धीरे अपने सभी शासित राज्यों में इस कानून को लागू करेगी।

'चार शादियों और ट्रिपल तलाक पर लगी रोक'

UCC के फायदों और इसके सामाजिक प्रभाव का जिक्र करते हुए अमित शाह ने कहा, 'किसी को भी चार शादियां करने की अनुमति नहीं होनी चाहिए, और उत्तराखंड में UCC के लागू होने के बाद अब ऐसा नहीं हो सकता।'

उन्होंने कहा कि इस कानून के माध्यम से राज्य की महिलाओं को 'तीन तलाक' जैसी कुप्रथाओं से अपमानित होने से बचाया गया है, जिससे सामाजिक न्याय को मजबूती मिली है।

नकल विरोधी कानून और धर्मांतरण कानून की तारीफ

उत्तराखंड सरकार के कड़े प्रशासनिक कदमों की सराहना करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि राज्य में लागू किए गए कानूनों ने देश के लिए एक मानक स्थापित किया है।

नकल विरोधी कानून: इससे पेपर लीक करने वालों, नकल कराने वालों और अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने वालों को सख्त सजा दिलाना आसान हुआ है, जिससे युवाओं के भविष्य को सुरक्षा मिली है।

धर्मांतरण विरोधी कानून: बीजेपी सरकार ने राज्य में धर्मांतरण के खिलाफ भी बेहद प्रभावी कानून लागू किया है।

विकास परियोजनाओं और महिला सशक्तिकरण का जिक्र

अमित शाह ने उत्तराखंड में हुए बुनियादी ढांचे के विकास और जन-कल्याणकारी योजनाओं का भी ब्योरा दिया:

मेगा इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स: दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर, चारधाम ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन और केदारनाथ व हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाओं का विशेष उल्लेख किया।

महिला सशक्तिकरण: महिलाओं के लिए सरकारी नौकरियों में 30% आरक्षण, सहकारी समितियों में 33% आरक्षण और राज्य में 3 लाख 'लखपति दीदी' बनाने की पहल की सराहना की।

शहीदों के सम्मान में वृद्धि: राज्य सरकार ने देश के लिए बलिदान देने वाले शहीदों के परिजनों को मिलने वाली अनुग्रह राशि को 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दिया है।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article