अगर आप अपना खुद का कारोबार शुरू करना चाहते हैं तो जरूरी नहीं कि इसके लिए बड़ी दुकान या लाखों रुपये के निवेश की जरूरत हो। आजकल हैंडमेड और क्रिएटिव प्रोडक्ट्स का बाजार तेजी से बढ़ रहा है। लोग घर की सजावट, पर्सनल केयर और गिफ्टिंग के लिए यूनिक चीजें खरीदना पसंद करते हैं। ऐसे में कुछ छोटे मैन्युफैक्चरिंग बिजनेस (Evergreen Business) शुरू कर सालभर कमाई के अवसर तलाशे जा सकते हैं। आइए ऐसे ही कुछ बिजनेस के बारे में जानते हैं, जिनसे सालभर कमाई की जा सकती है-
कैंडल मेकिंग बिजनेस
साधारण मोमबत्तियों के बजाय फ्लावर, बबल, कपकेक और जार कैंडल बनाने का कारोबार शुरू कर सकते हैं। अलग-अलग खुशबू और डिजाइन वाली कैंडल घर की सजावट और गिफ्टिंग में इस्तेमाल होती हैं। इन्हें ऑनलाइन और सोशल मीडिया के जरिए बेचा जा सकता है।
हैंडमेड साबुन बनाने का बिजनेस
हैंडमेड साबुन की अलग-अलग वैरायटी तैयार कर कारोबार शुरू किया जा सकता है। इसमें एलोवेरा, चारकोल, कॉफी, गुलाब और मिल्क सोप जैसे विकल्प शामिल हैं। आकर्षक पैकेजिंग के साथ इन्हें गिफ्ट बॉक्स में भी बेचा जा सकता है। इस कारोबार के लिए लागू कॉस्मेटिक लाइसेंस और गुणवत्ता संबंधी नियमों का पालन जरूरी है।
रेजिन आर्ट प्रोडक्ट्स
रेजिन की मदद से कोस्टर, ट्रे, कीचेन, फोटो फ्रेम, नेम प्लेट और ज्वेलरी बनाई जा सकती है। इन प्रोडक्ट्स को ग्राहक अपनी पसंद के रंग और डिजाइन में भी बनवा सकते हैं। शादी, जन्मदिन और एनिवर्सरी जैसे मौकों पर कस्टमाइज्ड प्रोडक्ट्स की बिक्री के अवसर मिलते हैं।
होम फ्रेगरेंस बिजनेस
घर को खुशबूदार बनाने वाले प्रोडक्ट्स का कारोबार भी शुरू कर सकते हैं। इसमें रूम फ्रेशनर, वार्डरोब फ्रेगरेंस सैशे, वैक्स मेल्ट और डिफ्यूजर शामिल हैं। इनकी मांग घरों, ऑफिस और होटल जैसे स्थानों पर बनी रह सकती है।
क्रोशिया प्रोडक्ट मेकिंग
धागों की मदद से हैंडमेड बैग, सॉफ्ट टॉय, फ्लावर बुके, कोस्टर और वॉल हैंगिंग बनाने का बिजनेस शुरू कर सकते हैं। यूनिक डिजाइन और कस्टमाइजेशन के जरिए इन्हें ऑनलाइन बेचना आसान हो सकता है।
टेराकोटा डेकोर बिजनेस
मिट्टी से छोटे गमले, शोपीस, अगरबत्ती स्टैंड, दीये और सजावटी सामान तैयार कर सकते हैं। होम डेकोर में रुचि रखने वाले ग्राहकों के लिए यह अच्छा विकल्प हो सकता है।
जेस्मोनाइट डेकोर प्रोडक्ट्स
जेस्मोनाइट से आकर्षक ट्रे, कोस्टर, पेन स्टैंड, कैंडल होल्डर और प्लांटर बनाए जा सकते हैं। इनका मिनिमल डिजाइन होम डेकोर और गिफ्टिंग के लिए पसंद किया जाता है।
