शहर

राजस्थान कांग्रेस के 3 सांसदों पर MPLAD फंड दुरुपयोग का आरोप, अमित मालवीय का बड़ा दावा

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने राजस्थान कांग्रेस के तीन सांसदों पर अपने सांसद निधि (MPLAD) फंड का दुरुपयोग करने का गंभीर आरोप लगाया है। मालवीय के अनुसार, ये सांसद अपने फंड को राजस्थान के बजाय हरियाणा के एक क्षेत्र में खर्च करने की सिफारिश कर रहे हैं। इस मामले में कांग्रेस या आरोपित सांसदों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

Image

अमित मालवीय ने राजस्थान कांग्रेस सांसदों पर MPLAD फंड के दुरुपयोग का आरोप लगाया

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Rajasthan News: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट के जरिए दावा किया कि राजस्थान कांग्रेस के तीन सांसदों ने अपने सांसद निधि (MPLAD) फंड का दुरुपयोग किया है। अमित मालवीय के अनुसार, राजस्थान के तीन कांग्रेस सांसद संजना जाटव (भरतपुर), राहुल कसवां (चूरू) और बृजेंद्र सिंह ओला (झुंझुनूं) ने अपने MPLAD फंड को हरियाणा के कैथल विधानसभा क्षेत्र में खर्च करने की सिफारिश की है। यह क्षेत्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला के बेटे का निर्वाचन क्षेत्र बताया जा रहा है।

राजस्थान के करदाताओं के पैसे का दुरुपयोग

अमित मालवीय ने अपने पोस्ट में लिखा कि “कांग्रेस से बड़ी कोई धोखेबाज पार्टी नहीं हो सकती। इस बार निशाने पर हैं राजस्थान के लोग।” उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरा मामला पिछले 3–4 महीनों के भीतर हुआ है और इसे विकास कार्य नहीं बल्कि वंशवाद और जनता के पैसे की खुली लूट करार दिया। मालवीय ने सवाल उठाया कि राजस्थान के करदाताओं का पैसा हरियाणा में क्यों खर्च किया जा रहा है? क्या MPLAD फंड का इस्तेमाल राजनीतिक रिश्तों के आधार पर किया जा सकता है? उन्होंने इसे जनता के विश्वास के साथ धोखा बताया।

आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई

नियमों के अनुसार, सांसद निधि का उपयोग मुख्यतः संबंधित सांसद के निर्वाचन क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए किया जाता है। हालांकि, सीमित परिस्थितियों में अन्य क्षेत्रों में भी कार्यों की अनुमति दी जाती है, लेकिन इसके लिए स्पष्ट औचित्य आवश्यक होता है। फिलहाल कांग्रेस पार्टी या आरोपों में नामित सांसदों की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पार्टी की ओर से बयान आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Lakhveer Singh Shekhawat
लखवीर सिंह शेखावतauthor

पत्रकारिता में पिछले सात साल से सक्रिय हैं, वर्तमान में Times Now नवभारत में राजस्थान ब्यूरो हेड हैं। इससे पहले, ज़ी मीडिया और न्यूज़18 नेटवर्क के राजस्थान चैनल के लिए दिल्ली ब्यूरो चीफ के रूप में कार्य किया है। उन्होंने जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री प्राप्त की और राजस्थान यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी में डिग्री हासिल की है। राजस्थान से संबंधित समाचारों और ख़बरों पर विशेष पकड़ रखते हैं। साथ ही देश की प्रमुख राजनीतिक घटनाओं को कवर करने में भी विशेषज्ञता हासिल है।

और पढ़ें
End of Article