Ambedkar Nagar News: उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जिले में मालीपुर थाना क्षेत्र के रुधा धमरुआ गांव में लखनऊ पुलिस मुख्यालय (कल्याण) में तैनात एसपी और प्रमोटी आईपीएस अफसर आशुतोष मिश्रा की 91 वर्षीया मां इंद्रावती देवी का शव रविवार को उनके घर के भीतर संदिग्ध हालात में मिला। घटना की जानकारी तब हुई जब बुजुर्ग महिला की देखभाल करने वाली नौकरानी सुबह घर पहुंची और उन्हें बिस्तर पर अचेत पाया। घर से महिला के शरीर पर रोजाना पहने जाने वाले सोने-चांदी के जेवर गायब मिले हैं, जिसके बाद पुलिस ने लूटपाट और हत्या सहित सभी संभावित पहलुओं पर गहन तफ्तीश शुरू कर दी है।
जेवर गायब मिलने से गहराया शक
मिली जानकारी के अनुसार, आईपीएस आशुतोष मिश्रा की माताजी घर में अकेली रहती थीं। रविवार सुबह जब देखभाल करने वाली महिला घर पहुंची तो अंदर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत परिजनों और पड़ोसियों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही आईपीएस आशुतोष मिश्रा भी लखनऊ से गांव पहुंचे। परिजनों ने देखा कि महिला के आभूषण गायब थे। जिसके बाद आईपीएस आशुतोष मिश्रा ने मालीपुर थाने में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
पोस्टमार्टम और हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच से खुलेगा राज
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। शुरुआती निरीक्षण में शव पर बाहरी तौर पर संघर्ष या गंभीर चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। शव का पोस्टमार्टम तीन डॉक्टरों की विशेषज्ञ टीम द्वारा वीडियोग्राफी की निगरानी में कराया गया है। मौत के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए विसरा सुरक्षित रखा गया है, साथ ही कार्डियक अरेस्ट या अन्य किसी मेडिकल वजह की पुष्टि के लिए दिल को हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच के लिए भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 16 अगस्त 2026 को दोपहर 1:13 बजे रमेश चंद्र मिश्रा ने मालीपुर पुलिस स्टेशन को सूचना दी थी कि रुधा धमरुआ गांव के निवासी आशुतोष मिश्रा की माताजी की सुबह 8 बजे हार्ट अटैक से मौत हो गई है। हालांकि, दोपहर करीब 2:30 बजे आशुतोष मिश्रा ने गहने गायब होने के आधार पर हत्या की आशंका व्यक्त की। अधिकारियों व फोरेंसिक टीम ने तुरंत घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव पर संघर्ष का कोई स्पष्ट निशान नहीं मिला है। तीन डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम किया है। विसरा सुरक्षित रख लिया गया है और दिल को हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच के लिए भेजा जा रहा है। सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
