स्पोर्ट्स

Hockey India Elections: सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद दिलीप टिर्की ने बताया हॉकी इंडिया अध्यक्ष का चुनाव लड़ेंगे या नहीं?

हॉकी इंडिया के निवर्तमान अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा चुनाव के लिए हरी झंडी दिखाए जाने के बाद चुनावी मैदान में अपनी दावेदारी को लेकर बड़ा बयान दिया है। जानिए उन्होंने क्या कहा?

Image

दिलीप टिर्की (फोटो क्रेडिट एआई जनरेटेड)

नई दिल्ली: हॉकी इंडिया के चुनाव पांच दिसंबर को कराने का मार्ग प्रशस्त करने वाले उच्चतम न्यायालय के फैसले का स्वागत करते हुए महासंघ के निवर्तमान अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने कहा कि उन्होंने अभी तय नहीं किया है कि वह चुनाव लड़ेंगे या नहीं। न्यायमूर्ति केवी विश्वनाथन और अरुण पल्ली की पीठ ने हॉकी इंडिया के ओडिशा हॉकी संघ को जारी किए गए दो कारण बताओ नोटिस वापस ले लिए हैं जिनमें राज्य संघ को स्थायी सदस्य से बदलकर एसोसिएट सदस्य बनाने का प्रस्ताव किया गया था।

सुप्रीम कोर्ट ने इस आधार पर दी चुनाव की अनुमति

न्यायालय ने कहा कि वह उन खिलाड़ियों के भविष्य को खतरे में नहीं डाल सकते जो अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। इसलिए हॉकी इंडिया के चुनाव पांच दिसंबर को कराने की अनुमति दी गई है। टिर्की ने इस फैसले पर भाषा से कहा,'हम इस फैसले का स्वागत करते है । ओडिशा हॉकी संघ को अनुचित तरीके से जो कारण बताओ नोटिस जारी किये गए थे, उसको लेकर हमारी लड़ाई थी । उस पर उच्चतम न्यायालय ने कह दिया कि ओडिशा स्थायी सदस्य रहेगा, उसे एसोसिएट सदस्य नहीं बना सकते । इसके अलावा मुझे चुनाव लड़ने की पात्रता दी है।'

ओडिशा हॉकी संघ के नोटिस को किया खारिज

भारत के लिये 412 मैच खेल चुके पूर्व फुल बैक ने कहा,'ओडिशा हॉकी संघ को हॉकी इंडिया महासचिव ने जो अवैध नोटिस दिया था, उसे उच्चतम न्यायालय ने खारिज कर दिया है । हॉकी इंडिया महासचिव का क्या आखिर क्या मकसद था कि मैं चुनाव में खड़ा नहीं हो सकूं।' यह पूछने पर कि क्या वह पांच दिसंबर को होने वाले चुनाव में अध्यक्ष पद के दावेदार होंगे , भारत के पूर्व कप्तान ने कहा,'मैंने अभी तय नहीं किया है।'

अभी नहीं किया है चुनाव लड़ने के बारे में फैसला?

आंकड़ों के समीकरण में क्या हॉकी इंडिया की अंतर्कलह को देखते हुए उनका जीत पाना संभव लग रहा है, यह पूछने पर उन्होंने कहा,'जीत हार बाद की बात है लेकिन मैं पहले तय करूंगा कि लड़ना है या नहीं । अभी मैंने फैसला नहीं किया है।' हॉकी इंडिया के भीतर चल रहे आंतरिक कलह के बीच ओडिशा उच्च न्यायालय ने 18 नवंबर को हॉकी इंडिया की चुनाव प्रक्रिया पर लगाई गई अंतरिम रोक को हटाने से इनकार कर दिया। अदालत का मानना था कि हॉकी इंडिया के नियम महासचिव को अध्यक्ष के आदेश के बिना कार्यकारी समिति की बैठकें बुलाने का अधिकार नहीं देते हैं।

हॉकी इंडिया लीग की वापसी रही कार्यकाल की उपलब्धि

अपने कार्यकाल को किस रूप में देखते हैं, यह पूछने पर उन्होंने कहा कि वह बतौर अध्यक्ष अपने काम से संतुष्ट हैं और हॉकी इंडिया लीग की वापसी बहुत बड़ी उपलब्धि रही। उन्होंने कहा,'मुझे लगता है कि मेरा कार्यकाल बहुत अच्छा रहा। इसमें ओलंपिक पदक आये, एशियाई खेलों में दो स्वर्ण आये हैं और महिला टीम की प्रगति देखिये। सबसे बड़ी उपलब्धि हॉकी इंडिया लीग की वापसी रही और महिला एचआईएल से टीम को कितना फायदा हुआ है। हम विश्व कप में पांचवें स्थान पर रहे और एशियाड स्वर्ण पदक जीतकर ओलंपिक के लिये क्वालीफाई किया। आज टीम रैंकिंग में चौथे स्थान पर है।'

जूनियर हॉकी के विकास पर हुआ काफी काम

टिर्की ने कहा,'इसके अलावा जूनियर स्तर पर हॉकी के विकास पर काफी काम हुआ है,जिस पर मुझे गर्व है । भविष्य में जमीनी स्तर पर कार्यक्रम को और मजबूत करना चाहिये।' अपने कार्यकाल में अनावश्यक विवादों के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा,'मैं विकास की सोच के साथ महासंघ में आया था। मैंने सुधार की कोशिश की और सफलता भी मिली लेकिन किसी भी संस्था में सभी की सोच एक सी नहीं रहती।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article