शहर

Baramati Plane Crash: अजित पवार की फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी की आखिरी कॉल, बारामती जाने से पहले फोन पर पापा से क्या कहा?

Baramati Plane Crash: बारामती हादसे में जान गवांने वाली फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली के पिता शिवकुमार माली ने बताया कि हादसे से एक दिन पहले उनकी बेटी से आखिरी बार बात हुई थी। उन्होंने कहा कि कल उसने फोन कर कहा-‘पापा, मैं अजित पवार के साथ बारामती जा रही हूँ, वहां से नांदेड़ जाऊंगी। पिता के मुताबिक, हाल के दिनों में वह लगातार अजित पवार के साथ यात्राएं कर रही थी।

Image

फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली

Baramati Plane Crash: महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार के प्लेन क्रैश हादसे में मुंबई के वर्ली की रहने वाली फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली की भी जान चली गई। उनके पिता शिवकुमार माली ने कहा कि हमारी एकमात्र इच्छा यही है कि उन्हें अपनी बेटी का पार्थिव शरीर मिल जाए ताकि वे उसका अंतिम संस्कार कर सकें। न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए पिता ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी से इस दुखद घटना से एक दिन पहले आखिरी बार बात की थी। उन्होंने कहा कि मंगलवार को उसने मुझे फोन किया और कहा कि ‘पापा, मैं अजित दादा के साथ बारामती जा रही हूं और वहां से नांदेड़ जाऊंगी। उसके बाद हमारी बस इतनी ही बात हुई थी। कुछ समय से वह डिप्टी सीएम के साथ उनकी हाल की यात्राओं पर लगातार जा रही थी।

पिंकी माली के पिता शिव कुमार माली ने कहा कि मैंने अपनी बेटी को खो दिया है। मुझे ठीक से नहीं पता कि क्या हुआ? क्योंकि मुझे ऐसी घटनाओं के बारे में तकनीकी जानकारी नहीं है। मैं पूरी तरह से टूट गया हूं। माली ने कहा कि इस समय उन्हें किसी स्पष्टीकरण की आवश्यकता नहीं है। मैं बस अपनी बेटी की डेडबॉडी चाहता हूं ताकि मैं सम्मानपूर्वक उसका अंतिम संस्कार कर सकूं।

इस बीच, विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) की एक टीम दिल्ली से पुणे के लिए रवाना हो गई है ताकि बारामती विमान दुर्घटना की जांच कर सके, जिसमें महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार और चार अन्य लोगों की जान चली गई। पुणे में उतरने के बाद टीम बारामती के लिए रवाना होगी ताकि इस दुखद दुर्घटना की जांच शुरू की जा सके।

कहां की रहने वाली थीं फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली

हादसे में जान गंवाने वाली पिंकी माली मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले की रहने वाली थीं। पिंकी का केराकत तहसील के भैंसा गांव से नाता था। उनके परिवार के सभी सदस्य मुंबई में रहते हैं।

बारामती विमान हादसे में कितने लोगों की मौत

विमान दुर्घटना के विवरण के अनुसार, बारामती में हुए विमान हादसे में उपमुख्यमंत्री अजीत पवार समेत पांच लोगों की मौत हो गई। उपमुख्यमंत्री पवार के अलावा, वीएसआर द्वारा संचालित लेयरजेट 45 विमान (पंजीकरण VT-SSK) में सवार अन्य लोगों में निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) विदिप जाधव, फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली और अन्य शामिल थे। और दो चालक दल के सदस्य - पायलट-इन-कमांड (पीआईसी), सुमित कपूर और सेकंड-इन-कमांड (एसआईसी) शम्भावी पाठक भी थीं।

कैसे हुई अजित पवार के शव की पहचान

सूत्रों के अनुसार, अजीत पवार के शव की पहचान उनकी मृत्यु के समय उनके द्वारा पहनी गई घड़ी से की गई। इस बीच, महाराष्ट्र पुलिस ने बुधवार को कहा कि बारामती विमान दुर्घटना, जिसमें उपमुख्यमंत्री अजित पवार की जान चली गई, की गहन जांच की जा रही है ताकि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा सके। विमान के टकराने की गति और कोण का पता लगाने के लिए दुर्घटनास्थल पर मलबे की स्थिति और स्थान की गहन जांच की जाएगी और तस्वीरें ली जाएंगी। उड़ान के दौरान विमान की तकनीकी स्थिति और उसकी उड़ान योग्यता का पता लगाने के लिए ब्लैक बॉक्स की जांच की जाएगी। कॉकपिट की वॉयस रिकॉर्डिंग से अंतिम क्षणों में पायलटों की बातचीत और लिए गए निर्णयों के बारे में जानकारी मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि विमान के रखरखाव से संबंधित सभी रिकॉर्ड की भी समीक्षा की जाएगी। डीजीसीए के अधिकारियों की एक टीम विमान दुर्घटनास्थल पर पहुंच चुकी है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article