देश

कौन थे अजित पवार के विमान के पायलट कैप्टन सुमित कपूर और शांभवी पाठक?

जिस प्लेन क्रैश में आज सुबह महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का निधन हुआ है, उसे पायलट कैप्टन सुमित कपूर और को-पायलट शांभवी पाठक उड़ा रहे थे। इस दुर्घटना में इन दोनों की भी मृत्यु हो गई। जानिए कौन थे कैप्टन सुमित कपूर और शांभवी पाठक, दोनों को उड़ान का कितना अनुभव था।

Image

प्लेन क्रैश में अजित पवार के साथ दोनों पायलट की भी हुई मौत

आज यानी बुधवार 28 जनवरी की सुबह एक बड़ी ही दुखद दुर्घटना हुई। महाराष्ट्र के बारामती हवाई अड्डे के पास आज सुबह एक प्राइवेट विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार सहित पांच लोगों की मृत्यु हो गई। मृतकों में दो कुशल पायल कैप्टन सुमित कपूर और उनकी को-पायलट शांभवी पाठक भी शामिल हैं। वीएसआर एविएशन द्वारा संचालित यह विमान जिस समय क्रैश हुआ, उस समय इमरजेंसी लैंडिग की कोशिश कर रहा था। लेकिन विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया और इसमें आग लग गई, जिसके कारण सवार पांचों व्यक्तियों की मौत हो गई।

अजित पवार के विमान के दुर्घटना का समय क्या था?

जिस प्राइवेट लियरजेट 45 विमान के क्रैश में अजित पवार की मृत्यु हुई उसने सुबह करीब 8 बजे मुंबई से उड़ान भरी थी। अजित पवार बारामती में राजनीतिक कार्यों के लिए जा रहे थे, जो 1990 के दशक से ही उनकी कर्मभूमि और निर्वाचन क्षेत्र भी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना से पहले विमान अस्थिर हो गया था। रिपोर्टों के मुताबिक, यह सुबह 8:45 बजे विमान रडार से संपर्क खो बैठा और इसके बाद सुबह 8:50 बजे दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान दुर्घटनाग्रस्त होते ही आग का गोला बन गया और वहां कई धमाके भी सुनाई दिए।

पायलट सुमित कपूर कितने अनुभवी थे?

जिस प्लेन क्रैश में अजित पवार का निधन हुआ, उसे कैप्टन सुमित कपूर उड़ा रहे थे। सुमित कपूर इस उड़ान के लिए पायलट-इन-कमांड थे। उनके एक्सपीरियंस की बात करें तो उनके नाम पर 16000 से अधिक उड़ान घंटे हैं और वे यात्रा के सभी चरणों में महत्वपूर्ण उड़ान निर्णयों के लिए जिम्मेदार थे। उनका एक्सपीरियंस काफी ज्यादा था।

को-पायलट शांभवी पाठक का एक्सपीरियंस

को-पायलट शांभवी पाठक, एक प्रशिक्षित कॉमर्शियल पायलट थीं। एयरफोर्स बाल भारती स्कूल से पढ़ाई करने वाली शांभवी ने मुंबई विश्वविद्यालय से एरोनॉटिक्स, एविएशन और एरोस्पेस साइंस एवं टेक्नोलॉजी में बैचलर ऑफ साइंस की डिग्री हासिल की थी। शांभवी ने न्यूजीलैंड इंटरनेशनल कॉमर्शियल पायलट अकैडमी में पायलट और फ्लाइट क्रू की ट्रेनिंग ली। शांभवी ने अपने प्रोफेशनल करियर के दौरान मध्य प्रदेश फ्लाइंग क्लब में असिस्टेंट फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर के तौर पर भी काम किया। उनके पास फ्लाइट इंस्ट्रक्टर रेटिंग (A) रेटिंग थी।

प्लेन क्रैश की जांच शुरू

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के अधिकारियों ने इस प्लेन क्रैश की जांच शुरू कर दी है, जिसमें लैंडिंग के समय मौसम की स्थिति और विजिब्लिटी जैसे विभिन्न कारकों पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। प्रारंभिक रिपोर्टों से संकेत मिलता है कि खराब विजिब्लिटी ने इस दुर्घटना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई हो सकती है। वीएसआर एविएशन ने कहा है कि दोनों पायलट को उड़ान का अच्छा अनुभव था। घटना से पहले विमान पूरी तरह से सही स्थिति में था और कोई तकनीकी विफलता की रिपोर्ट नहीं थी।

दुर्घटना के समय कहां जा रहे थे अजित पवार

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और 66 वर्षीय अजित पवार के निधन से महाराष्ट्र में शोक की लहर है। नेताओं और आम नागरिकों ने अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं, आज हर कोई राज्य के प्रति उनके योगदान को याद कर रहा है। दुर्घटना के समय अजित पवार आगामी जिला परिषद चुनावों के लिए राजनीतिक बैठकों के लिए जा रहे थे।

राज्य सरकार ने उपमुख्यमंत्री अजित पवार के प्लेन क्रैश में निधन के बाद तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। राज्य में राष्ट्रध्वज को आधा फहराया जा रहा है। प्लेन क्रैश की यह घटना हाल के समय में महाराष्ट्र के इतिहास की सबसे विनाशकारी विमानन त्रासदियों में से एक मानी जा रही है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!