Bullet Train: गुजरात के अहमदाबाद से मुंबई के बीच बुलेट ट्रेन चलाने की तैयारी की जा रही है। बुलेट ट्रेन का संचालन वर्ष 2027 तक होने की उम्मीद है। अहमदाबाद से मुंबई तक चलने वाली ये ट्रेन देश की पहली बुलेट ट्रेन है। इसकी शुरुआत होते ही अहमदाबाद से मुंबई का सफर कम समय में तय किया जा सकता है। मिली जानकारी के अनुसार यात्री गुजरात के अहमदाबाद से मात्र 2 घंटे सात मिनट में मुंबई पहुंच जाएंगे। इस बीच आइए आपको बताएं बुलेट ट्रेन के स्टेशन, ट्रायल रन और इसमे कितने यात्री यात्रा कर सकेंगे आदि के बारे में...
बुलेट ट्रेन में यात्रियों की क्षमता
नेशनल हाई स्पीड रेल कॉपोर्रेशन लिमिटेड ने जानकारी देते हुए बताया है कि देश की पहली बुलेट ट्रेन में 10 कारें है, जिसमें कुल 690 यात्री सफर कर सकते हैं। इसकी ट्रेन को तीन क्लास में बांटा गया है। इन तीनों में बैठने की व्यवस्था अलग होगी। पहली फर्स्ट क्लास, फिर बिजनेस क्लास और तीसरी स्टैंडर्ड क्लास है। क्रमशः इमसें बैठने के लिए मात्र 15, 55 और 620 सीटें उपलब्ध है। बता दें कि बुलेट ट्रेन के फर्स्ट क्लास का किराया अन्य के मुकाबले सबसे अधिक होगा।
ये है बुलेट ट्रेन के 12 स्टेशन
अहमदाबाद से मुंबई तक चलने वाली बुलेट ट्रेन 400 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चलने के लिए डिजाइन की गई है। इस डिजाइन के अनुसार, बुलेट ट्रेन 320 से 350 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से पटरियों पर दौड़ती दिखाई देगी। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बुलेट ट्रेन परियोजना का निर्माण शिंकानसेन टेक्नोलॉजी के साथ किया जा रहा है। अहमदाबाद से मुंबई के बीच कुल 24 पुल है, जिसमें से 20 पुल गुजरात में और 4 पुल मुंबई में है। ये ट्रेन इन पुलों से होते हुए अपने गंतव्य पर पहुंचेगी। देश की पहली बुलेट ट्रेन केवल 12 स्टेशनों पर रूकेगी। जिनके नाम इस प्रकार है -
- मुंबई-बीकेसी
- ठाणे
- विरार
- बोईसर
- वापी
- बिलिमोरा
- सूरत
- भरूच
- वडोदरा
- आनंद
- अहमदाबाद
- साबरमती स्टेशन
बुलेट ट्रेन का ट्रायल रन
बुलेट ट्रेन का ट्रायल रन अगस्त 2026 में किया जाएगा। ट्रायल रन के सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद इसका संचालन 2027 में किया जाएगा। ट्रेन का ट्रायल रन सूरत से बिलिमोरा के बीच किया जा सकता है। बता दें कि ये ट्रेन कई सुविधाओं से लेस है। इसमें मल्टीपर्पज रूम भी बनाए गया है। बुलेट ट्रेन से आपको कई खूबसूरत नजारे भी देखने को मिलेंगे, क्योंकि ये ट्रेन गुजरात के आठ जिलों, केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली और दमन और द्वीप के कुछ हिस्सों और मुंबई के तीन जिले से होकर गुजरेगी।
