शहर

BMC चुनाव से पहले मुंबई में जाली नोटों का जाल: दादर स्टेशन के पास 72 हजार की फेक करेंसी बरामद

Mumbai News: मुंबई में आने वाले दिनों में बीएमसी चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है। इस बीच पुलिस को दादर रेलवे स्टेशन के पास फर्जी करेंसी मिली। पुलिस ने इस मामले में एक बुजुर्ग व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।

Image

मुंबई के दादर स्टेशन के पास 72 हजार की फेक करेंसी बरामद (Photo- Canva)

Mumbai News: मुंबई में आगामी बीएमसी चुनाव को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है। इसी कड़ी में शिवाजी पार्क पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। दादर रेलवे स्टेशन के पास से पुलिस ने एक व्यक्ति को फर्जी करेंसी के साथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई चुनावी माहौल में काले धन और फर्जी मुद्रा के इस्तेमाल को रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमरुद्दीन शेख के रूप में हुई है, जिसकी उम्र 61 साल है। पुलिस ने उसके पास से 72 हजार रुपए के फर्जी नोट बरामद किए हैं। सभी नोट 500 के हैं और इनकी गुणवत्ता इतनी अच्छी है कि लोगों को शक तक न हो। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ये नोट बाजार में आसानी से खपाए जा सकते थे, जिससे अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचता।

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई

न्यूज एजेंसी आईएएनएस के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दादर इलाके में फर्जी नोटों की खेप पहुंची है। इसी जानकारी के आधार पर टीम ने दादर रेलवे स्टेशन के आसपास निगरानी बढ़ाई और अमरुद्दीन शेख को संदिग्ध हालत में पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके बैग से ये फर्जी नोट मिले। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की है।

जांच में सामने आई चौंका देने वाली बात

जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि ये फर्जी नोट बांग्लादेश से भारत लाए गए हो सकते हैं। पुलिस इस बात की गहन जांच कर रही है कि ये नोट कैसे और किन रास्तों से देश में पहुंचे। अंतरराष्ट्रीय गिरोह की संलिप्तता की आशंका को देखते हुए मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। एक विशेष टीम गठित की गई है जो आरोपी के संपर्कों और पिछले रिकॉर्ड की छानबीन कर रही है।

पुलिस को शक है कि अमरुद्दीन शेख इससे पहले भी फर्जी नोटों के कारोबार में शामिल रहा है। उसने पहले भी हजारों रुपये के फर्जी नोट बाजार में खपाए हैं। अब पुलिस उसके पुराने साथियों और सप्लाई चेन को ट्रेस करने में जुटी है। वहीं, मुंबई पुलिस का कहना है कि बीएमसी चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए ऐसी कार्रवाइयां जारी रहेंगी।

(इनपुट - आईएएनएस)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article