शहर

जयपुर में नकली मूंगफली बीज फैक्ट्री पर कृषि मंत्री किरोड़ी मीणा का छापा, RG-510 के नाम पर हो रही थी फर्जी पैकिंग

मंत्री की मौजूदगी में कृषि विभाग की टीम ने फैक्ट्री परिसर की जांच की। इस दौरान बड़ी मात्रा में मूंगफली का स्टॉक, पैकिंग सामग्री और बीज के सैंपल जब्त किए गए। प्रारंभिक जांच में बीज में गड़बड़ी और अल्फाटॉक्सिन फंगस संक्रमण की आशंका भी सामने आई है।

Image

जयपुर में नकली मूंगफली बीज फैक्ट्री पर कृषि मंत्री किरोड़ी मीणा का छापा

जयपुर : राजस्थान के कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने मंगलवार को जयपुर के गोविंदगढ़ इंडस्ट्रियल एरिया में संचालित एक एग्रो कंपनी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए छापा मारा। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि फैक्ट्री में बाजार से खरीदी गई सामान्य मूंगफली की पैकिंग कर उसे वैज्ञानिक अनुसंधान से विकसित किए गए RG-510 बीज के नाम पर बेचा जा रहा था।

मंत्री की मौजूदगी में कृषि विभाग की टीम ने फैक्ट्री परिसर की जांच की। इस दौरान बड़ी मात्रा में मूंगफली का स्टॉक, पैकिंग सामग्री और बीज के सैंपल जब्त किए गए। प्रारंभिक जांच में बीज में गड़बड़ी और अल्फाटॉक्सिन फंगस संक्रमण की आशंका भी सामने आई है।

सस्ती मूंगफली को महंगा बनाकर बेचने का आरोप

कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि RG-510 मूंगफली बीज वैज्ञानिकों की रिसर्च और अनुमोदन के बाद किसानों तक पहुंचाया जाता है। बीज तैयार करने की एक तय प्रक्रिया होती है, लेकिन यह फर्म बाजार से सस्ती मूंगफली खरीदकर उसकी पैकिंग कर उसे RG-510 बीज बताकर महंगे दामों में बेच रही थी।

मंत्री ने बताया कि फैक्ट्री को कृषि विभाग से इस काम की कोई अनुमति नहीं मिली थी। यह फर्म मूल रूप से सीकर की बताई जा रही है, जबकि चोमूं के गोविंदगढ़ इंडस्ट्रियल एरिया में अवैध रूप से संचालन किया जा रहा था।

फैक्ट्री सील

उन्होंने कहा कि फैक्ट्री को सील किया जा रहा है और सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित फर्म के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और मामला भी दर्ज कराया जाएगा। जांच के दौरान अधिकारियों को भारी मात्रा में पैकिंग सामग्री और तैयार स्टॉक मिला। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को पूरे मामले की विस्तृत जांच कर जल्द रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। बताया जा रहा है कि मंत्री और टीम के पहुंचने से पहले ही फर्म से जुड़े संचालक मौके से फरार हो गए।

Lakhveer Singh Shekhawat
लखवीर सिंह शेखावतauthor

पत्रकारिता में पिछले सात साल से सक्रिय हैं, वर्तमान में Times Now नवभारत में राजस्थान ब्यूरो हेड हैं। इससे पहले, ज़ी मीडिया और न्यूज़18 नेटवर्क के राजस्थान चैनल के लिए दिल्ली ब्यूरो चीफ के रूप में कार्य किया है। उन्होंने जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री प्राप्त की और राजस्थान यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी में डिग्री हासिल की है। राजस्थान से संबंधित समाचारों और ख़बरों पर विशेष पकड़ रखते हैं। साथ ही देश की प्रमुख राजनीतिक घटनाओं को कवर करने में भी विशेषज्ञता हासिल है।

और पढ़ें
End of Article