Agra Protest: आगरा में रविवार को UGC के विरोध में सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने यमुना एक्सप्रेसवे पर पहुंचकर रास्ता जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी UGC (Promotion of Equity in Higher Education Institutions) Regulations, 2026 को वापस लेने की मांग कर रहे थे। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच बैरिकेडिंग हटाने को लेकर धक्का-मुक्की और तीखी बहस भी हुई।
बैरिकेडिंग हटाकर एक्सप्रेसवे पहुंचे प्रदर्शनकारी
पुलिस के मुताबिक, खंदौली थाना क्षेत्र के मुड़ी चौराहे पर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जुटे थे। वे दर्जनों ट्रैक्टरों के साथ जिला मुख्यालय की ओर मार्च करने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेड लगाए, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने उन्हें हटा दिया और यमुना एक्सप्रेसवे तक पहुंच गए।
झूठी शिकायतों से निपटने के लिए नियमों में पर्याप्त सुरक्षा उपाय नहीं किए गए
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि UGC के नए नियमों में कुछ ऐसे प्रावधान हैं, जिनका सामान्य वर्ग के छात्रों के खिलाफ गलत इस्तेमाल किया जा सकता है। उनका कहना है कि झूठी शिकायतों से निपटने के लिए नियमों में पर्याप्त सुरक्षा उपाय नहीं किए गए हैं। इसी को लेकर वे नियमों को वापस लेने की मांग कर रहे हैं।
सड़क पर लेटे प्रदर्शनकारी, कुछ ट्रकों पर चढ़ गए
एक्सप्रेसवे पर पहुंचने के बाद कुछ प्रदर्शनकारी सड़क पर लेट गए, जबकि कुछ लोग ट्रकों पर चढ़ गए। इससे एक्सप्रेसवे पर वाहनों की आवाजाही रुक गई और यातायात प्रभावित हुआ। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर सड़क खाली कराई, जिसके बाद यातायात फिर से सामान्य हो गया।
अभी तक किसी व्यक्ति को हिरासत में नहीं लिया गया
अपर पुलिस उपायुक्त हिमांशु गौरव ने जानकारी देते हुए बताया कि कुछ लोगों ने एक्सप्रेसवे को बाधित करने का प्रयास किया था, जिन्हें बाद में सड़क से हटा दिया गया। पुलिस के अनुसार, इस मामले में अभी तक किसी व्यक्ति को हिरासत में नहीं लिया गया है।
