आगरा

Karwa Chaut 2025 : जेल में महिला बंदियों ने रखा करवा चौथ का व्रत, चारदीवारी में भरा भावना का रंग

Mathura Karwa Chaut 2025 : करवा चौथ 2025 के खास पर्व पर जेल में बंद महिलाओं ने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखा। मथुरा जेल में सादगी और भक्तिभाव से भरे इस आयोजन में व्रती महिलाओं के लिए पूजन सामग्री, साड़ी, मिट्टी के करवे और संपूर्ण श्रृंगार सामग्री की व्यवस्था कराई गई, ताकि वे पारंपरिक विधि-विधान के साथ यह पर्व मना सकें।

Image

मथुरा करवा चौथ व्रत (फोटो-Istock)

Mathura Karwa Chaut 2025 : देशभर में करवा चौथ का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। यह दिन विवाहित महिला के लिए बेहद खास होता है। यह व्रत पति की लंबी उम्र और अखंड सौभाग्य से जुड़ा है। ऐसे में इस बार मथुरा जिला कारागार में भी यह त्योहार खास अंदाज में मनाया जा रहा है। जेल की चारदीवारी के भीतर सीमित आजादी के बावजूद भावना ने यहां भी रंग भर दिया। जेल प्रशासन और समाजसेवी संस्था खजानी वेलफेयर एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित इस अनूठे कार्यक्रम में 36 महिला बंदियों ने अपने पतियों की लंबी उम्र की कामना करते हुए व्रत रखा।

जेल में दिखा भक्ति भाव का रंग

जेल अधीक्षक अंशुमन गर्ग के विशेष निर्देश पर दो दिन पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। सादगी और भक्तिभाव से भरे इस आयोजन में व्रती महिलाओं के लिए पूजन सामग्री, साड़ी, मिट्टी के करवे और संपूर्ण श्रृंगार सामग्री की व्यवस्था कराई गई, ताकि वे पारंपरिक विधि-विधान के साथ यह पर्व मना सकें।

त्योहार की खुशी बढ़ाने के लिए मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें महिला बंदियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली महिलाओं को पुरस्कृत भी किया गया। वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से सभी व्रती महिलाओं को करवा चौथ व्रत से संबंधित सामान वितरित किए गए।

व्रत रखने वाली 36 महिलाओं में से 13 महिलाएं ऐसी हैं, जिनके पति भी इसी जेल में निरुद्ध हैं। जेल प्रशासन ने इन दंपतियों को शाम में मुलाकात का विशेष अवसर देने की व्यवस्था की है।

जेल अधीक्षक अंशुमन गर्ग ने बताया कि जिला कारागार मथुरा में कुल 84 महिलाएं निरुद्ध हैं, जिनमें से 30 ने करवाचौथ का व्रत रखा है। हमारा प्रयास है कि जेल में निरुद्ध महिलाएं भी अपने सामाजिक और धार्मिक पर्वों को पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ मना सकें। ऐसे आयोजनों से उनके मनोबल में वृद्धि होती है और उन्हें मुख्यमधारा में लौटने की प्रेरणा मिलती है। व्रत रखने वाली महिलाओं को मैनुअल के अनुसार व्रत वाली डाइट दी जा रही है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article