Saved Lives Of 16 Puppies In Agra: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। किसी शरारती तत्व ने 16 पिल्लों को बोरे में बंद करके फेंक दिया। रविवार को युवक और युवती ने बोरे में हलचल होते देखकर इसे खोला तो उनके होश उड़ गए। बोरे में 16 पिल्ले निकले। इसके बाद कैस्पर्स होम की टीम को फोन किया और पिल्लों का रेस्क्यू किया गया। कैस्पर्स होम के कार्यकर्ताओं ने पिल्लो को दूध पिलाने का प्रयास किया, लेकिन पिल्ले बोतल से दूध नहीं पी पाए। इसके बाद एक फीमेल डॉग को लाया गया। फीमेल डॉग ने 16 पिल्लों को दूध पिलाया। कैस्पर्स होम के कार्यकर्ताओं ने फीमेल डॉग का नाम यशोदा रखा। ऐसे में कैस्पर्स होम में नवजात पिल्लों को नई मां भी मिल गई। इसके बाद कैस्पर्स होम की टीम ने राहत की सांस ली। यह पूरा मामला न्यू आगरा में ओम साईं सेंटर के पास का है।
दरअसल, न्यू आगरा के रहने वाले नताली शर्मा और ट्विंकल रात के समय साईं अस्पताल से घर लौट रहे थे। इस दौरान उनकी नजर सड़क किनारे पड़े एक बोरे पर पड़ी। भाई-बहन ने बोरे में हलचल देख उसे खोला, उसमें पिल्ले भरे थे। दोनों ने सभी पिल्लों को बोरे से बाहर निकाला। बोरे में पिल्लों को देखकर मौके पर भीड़ जमा हो गई।
