आगरा

Agra Nagar Nigam: आगरा नगर निगम भी लगाएगा खतरनाक नस्ल के कुत्ते पालने पर प्रतिबंध

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 29, 2022, 07:40 PM IST

Agra Municipal Corporation: आगरा नगर निगम गाजियाबाद निगम की तर्ज पर प्लान बना रहा है। आगरा में भी खतरनाक नस्ल के कुत्ते पालने पर प्रतिबंध लग सकता है। यूपी के कई शहर में भी खतरनाक कुत्तों के हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

Image

अब आगरा नगर निगम लगाएगा खतरनाक नस्ल के कुत्ते पालने प्रतिबंध

KEY HIGHLIGHTS
  • आगरा में खतरनाक नस्ल के कुत्ते पालने पर लग सकता है प्रतिबंध
  • गाजियाबाद की तर्ज पर आगरा नगर निगम बना रहा प्लान
  • शहरों में खतरनाक कुत्तों के हमलों में लगातार हो रही बढ़ोतरी

Agra Nagar Nigam: ताजनगरी आगरा में नगर निगम भी गाजियाबाद की तर्ज पर खतरनाक नस्ल के कुत्तों को पालने पर प्रतिबंध लगाने पर फैसला ले सकता है। कुत्तों के पंजीकरण की व्यवस्था को नगर निगम सदन में पास कराया जा चुका है। सदन ने नियमावली भी स्वीकृत कर दी है, लेकिन सूबे के अन्य शहरों में जिस तरह से खतरनाक कुत्तों के हमलों की लगातार घटनाएं हो रही हैं, और वहां इन कुत्तों को पालने के लिए भी सख्त नियम बनाए जा रहे हैं। उन्हें ध्यान में रखकर ही आगरा नगर निगम भी इस तरफ गंभीरता से विचार कर रहा है।

आगरा में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ चुका है। पिछले माह दहतोरा इलाके में एक बच्ची को कुत्तों ने नोंच खाया था। पालतू कुत्तों के कारण शहर में कई बार विवाद हो चुके हैं। कई मामले थाने तक पहुंचे हैं।

सदन से पंजीकरण की व्यवस्था पास हुई

गौरतलब है कि, अभी तक नगर निगम में पालतू जानवरों के पंजीकरण का कोई प्रबंधन नहीं था। कुत्तों के लगातार बढ़ते हमलों की घटनाओं को देखते हुए नगर निगम ने पालतू कुत्तों के संबंध में नियमावली तैयार की और सदन से पंजीकरण की व्यवस्था को पास करा दिया। अब खतरनाक नस्ल के कुत्तों को पालने के संबंध में आगरा नगर निगम प्रतिबंध लगाने पर गंभीरता से विचार कर रहा है।

खतरनाक नस्ल के कुत्तों के पालने के संबंध में विशेष नियम बनाने पर विचार

आपको बता दें कि रॉटविलर, पिटबुल और डोगो अर्जेंटीनो नस्ल के कुत्ते पालने पर गाजियाबाद नगर निगम ने प्रतिबंध लगा दिया है। गाजियाबाद शहर में अब पिटबुल, रॉटविलर और डोगो अर्जेंटीनो प्रजाति के कुत्ते लोग नहीं पाल सकेंगे। इसके अलावा, सभी पालतू श्वानों का पंजीकरण करवाना जरूरी हो गया है। साथ ही एक फ्लैट में अधिकतम दो श्वानों का पंजीकरण कराया जा सकेगा। आगरा नगर निगम के पशु चिकित्साधिकारी डा. अजय कुमार सिंह के अनुसार, खतरनाक नस्ल के कुत्तों के पालने के संबंध में विशेष नियम बनाने पर विचार हो रहा है। रॉटविलर, पिटबुल और डोगो अर्जेंटीनो जैसी नस्लों के कुत्तों को ऐसी सोसाइटियों और कॉलोनियों में जहां उनके पालने के लिए उपयुक्त वातावरण नहीं होगा, वहां पर लाइसेंस जारी नहीं किया जाएगा।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article