शहर

आगरा मर्डर केस का मुख्य आरोपी मुठभेड़ में मारा गया; दरोगा की पिस्टल छीनकर की थी फायरिंग, दो पुलिसकर्मी घायल

आगरा के बहुचर्चित राज चौहान हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है, लेकिन यह सफलता एक सनसनीखेज एनकाउंटर के साथ खत्म हुई। हत्या के मुख्य आरोपी अरबाज खान उर्फ मंसूरी को पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया है। यह मुठभेड़ गुरुवा की तड़के टेढ़ी बगिया क्षेत्र में स्थित कांशीराम आवास के पास हुई, जब आरोपी ने पुलिसवाले की पिस्टल छीनकर फायरिंग शुरू कर दी।

Image

मुठभेड़ के बाद घटनास्थल पर मौजूद पुलिसकर्मी

Photo : Times Now Digital

आगरा में ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र के बहुचर्चित राज चौहान हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले का मुख्य आरोपी अरबाज खान उर्फ मंसूरी पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। यह एनकाउंटर टेड़ी बगिया इलाके में कांशीराम आवास के पास उस समय हुआ, जब पुलिस आरोपी को हत्या में इस्तेमाल किए गए तमंचे की बरामदगी के लिए लेकर गई थी।

मुख्य आरोपी की हो गई थी गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार, 23 जनवरी की रात राज चौहान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद थाना ट्रांस यमुना में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस उपायुक्त नगर सैय्यद अली अब्बास के नेतृत्व में नौ टीमों का गठन किया गया था। जांच के दौरान मुख्य आरोपी अरबाज खान को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद उसे हथियार बरामदगी के लिए घटनास्थल के पास ले जाया जा रहा था।

सरकारी पिस्टल छीनकर की फायरिंग

29 जनवरी की रात करीब दो बजे, जैसे ही पुलिस टीम टेड़ी बगिया स्थित कांशीराम कॉलोनी के पास पहुंची, अरबाज ने अचानक एक उपनिरीक्षक को धक्का देकर उनकी सरकारी पिस्टल छीन ली और भागने लगा। इस दौरान उसने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हमले में सिपाही मनोज कुमार और उपनिरीक्षक ऋषि घायल हो गए, जबकि थाना प्रभारी ट्रांस यमुना उपनिरीक्षक हरेंद्र कुमार और कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक भानु प्रताप यादव की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोलियां लगीं।

जवाबी कार्रवाई में आरोपी की मौत

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें अरबाज खान के सीने और पैर में गोली लगी। गंभीर रूप से घायल आरोपी को पहले जिला अस्पताल और फिर एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घायल पुलिसकर्मियों का जिला अस्पताल आगरा में इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अरबाज खान का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह 23 जनवरी को टेड़ी बगिया स्थित एसएन गेस्ट हाउस में राज चौहान की चार गोलियां मारकर की गई हत्या का मुख्य आरोपी था। इस हत्याकांड में मोहित पंडित और आशु तिवारी के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी तलाश जारी है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article