शहर

All is Good: अपर्णा यादव से तलाक की बात पर प्रतीक यादव ने लिया यू-टर्न, कही ये बात

हाल ही में पत्नी अपर्णा यादव को बुरी महिला और सेल्फिश करार देकर जल्द ही तलाक लेने की बात कहने वाले प्रतीक यादव ने अब यू-टर्न ले लिया है। आज एक नए सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने All is Good कहकर संबंध सुधरने का संकेत दिया। उन्होंने अपने परिवार को चैंपियनों का परिवार बताया है।

Image

प्रतीक और अपर्णा यादव के रिश्तों में सुधार के संकेत

उत्तर प्रदेश के दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव ने एक बार फिर से सोशल मीडिया के जरिए सभी को चौंका दिया है। Instagram पोस्ट में उन्होंने लिखा - 'All is Good, Champions are those who crush their personal/professional problems. We are a family of champions.' इस तरह से प्रतीक यादव ने कुछ दिन पहले तलाक की घोषणा करके चौंकाने के बाद आज यह पोस्ट करके फिर से सभी को हैरत में डाल दिया।

प्रतीक का कहना है कि उनके और उनकी पत्नी अपर्णा यादव के बीच सबकुछ ठीक है। सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उन्होंने पत्नी अपर्णा के साथ अपने संबंधों के बेहतर होने की बात कही है। ज्ञात हो कि प्रतीय यादव ने 19 जनवरी को पत्नी अपर्णा यादव के साथ संबंध खत्म करने का ऐलान करके सभी को हैरत में डाल दिया था। बता दें कि अपर्णा यादव भाजपा नेता हैं। प्रतीक की तलाक की घोषणा के बाद मामला काफी गरमा गया था। अब दोनों के फिर से एक होने का नया पोस्ट करके उन्होंने फिर से लोगों को चौंकाया है।

अपर्णा यादव पर लगाए थे गंभीर आरोप

दोनों ही अलग-अलग पार्टियों (प्रतीक- समाजवादी पार्टी और अपर्णा - भाजपा) से संबंध रखते हैं। इस पोस्ट के सामने आने के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि दोनों के बीच का तनाव अब खत्म हो गया है। दरअसल, 19 जनवरी को प्रतीक यादव ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर पत्नी अपर्णा यादव पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने उस समय पत्नी अपर्णा यादव पर घर तोड़ने जैसे आरोप लगाते हुए पारिवारिक रिश्तों में दरार का जिम्मेदार ठहराया था।

प्रतीक यादव ने 19 जनवरी की पोस्ट में पत्नी अपर्णा यादव को जल्द तलाक देने की घोषणा की थी। यही नहीं प्रतीक यादव ने पत्नी अपर्णा यादव को स्वार्थी और बुरी आत्मा बताते हुए कहा था कि उनकी वजह से पारिवारिक रिश्ते खराब हो गए हैं। इसके अलावा उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि अपर्णा सिर्फ मशहूर और प्रभावशाली बनना चाहती हैं।

अपनी मानसिक स्थिति का भी किया था जिक्र

19 जनवरी के उस पोस्ट में उन्होंने अपनी मानसिक स्थिति का भी जिक्र किया था। जिसमें उन्होंने लिखा था कि उनकी मानसिक सेहत काफी खराब है, लेकिन अपर्णा यादव को इसकी कोई परवाह नहीं है। प्रतीक यादव ने उस समय कहा था कि उन्होंने इतनी बुरी महिला कभी नहीं देखी। उन्होंने अपर्णा से शादी करने को लेकर स्वयं को बदकिस्मत बताया था।

हालांकि, अब प्रतीक यादव की नई पोस्ट में 'ऑल इज गुड' और 'हम चैंपियंस का परिवार हैं' जैसे शब्दों से संकेत मिलता है कि पारिवारिक विवाद को सुलझाने की दिशा में कोई कदम उठाया गया है या कम से कम हालात को सामान्य दिखाने की कोशिश हो रही है। फिलहाल, इस पूरे मामले पर अपर्णा यादव की तरफ से कोई नई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article