बीजेपी नेता अपर्णा यादव से उनके पति प्रतीक यादव ने तलाक लेने का ऐलान किया है। अपर्णा यादव सपा संस्थापक स्व. मुलायम सिंह की बहू हैं। हालांकि वो सपा छोड़कर बीजेपी में जा चुकी हैं। पत्नी के परिवार से अलग होने और बीजेपी में जाने पर भी प्रतीक यादव चुप थे, लेकिन अब उन्होंने अपने एक सोशल मीडिया पोस्ट में अपर्णा पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं और तलाक लेने की बात कही है। पति के तलाक की इस घोषणा पर अभी अपर्णा यादव की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
अपर्णा यादव से तलाक लेंगे प्रतीक यादव
अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा- "मैं जल्द से जल्द इस स्वार्थी औरत (अर्पणा यादव) से तलाक लेने जा रहा हूं। इसने मेरे पारिवारिक रिश्ते को बर्बाद कर दिया। ये सिर्फ मशहूर और प्रभावशाली होना चाहती है। इस समय मेरी मानसिक स्थिति बहुत खराब है, लेकिन इसे कोई परवाह नहीं, क्योंकि इसे सिर्फ अपनी ही चिंता है। मैंने कभी ऐसी बुरी आत्मा नहीं देखी, और मेरा दुर्भाग्य था कि मैंने इससे शादी की।"

प्रतीक यादव का पोस्ट
परिवार छोड़ बीजेपी में अपर्णा!
अपर्णा यादव की शादी उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े राजनीतिक घरानों में से एक मुलायम परिवार में हुई है। वो भी मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव से। प्रतीक यादव मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी के बेटे हैं। अपर्णा 2017 के चुनाव के समय से ही परिवार से अलग रास्ते पर दिख रही थीं, तब चाचा शिवपाल अपनी पार्टी बना चुके हैं। अपर्णा पहले बीजेपी के साथ नजदिकियां बढ़ाती दिखीं फिर 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी में शामिल हो गईं। आज अपर्णा यूपी बीजेपी में बड़ा चेहरा हैं और यूपी महिला आयोग की उपाध्यक्ष भी हैं।
