शहर

अब एयरपोर्ट पर नहीं कटेगी जेब! इन हवाई अड्डों पर 10 रुपये में मिल रहा चाय-नाश्ता

  • Agency by: Agency
  • Updated Mar 30, 2026, 06:13 PM IST

देश के कई एयरपोर्ट्स पर शुरू हुए ‘उड़ान यात्री कैफे’ ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। अब यात्रियों को महंगे खाने-पीने की चीजों की बजाय 10-20 रुपये में चाय, कॉफी और स्नैक्स मिल रहे हैं और वह भी अच्छी क्वालिटी के। लखनऊ एयरपोर्ट पर भी इसकी सेवा की शुरुआत की गई है। सांसद राघव चड्ढा ने भी इस सेवा की तारीफ की है।

Image

उड़ान यात्री कैफे से एयरपोर्ट पर अफोर्डेबल चाय-नाश्ते की व्यवस्था

देश और दुनिया में कहीं भी जाना हो तो सबसे तेज साधन हवाई यात्रा ही है। लेकिन एयरपोर्ट पर इंतजार करते हुए आपको चाय-नाश्ते की तलब लगी तो समझिए जेब कटना तय है। एयरपोर्ट के लाउंज में हर चीज के दाम कई गुना अधिक होते हैं, जिससे यात्री या तो उस कीमत को चुकाने को मजबूर होते हैं, या मन मसोसकर रह जाते हैं। लेकिन अब भारत में ऐसा नहीं है। क्योंकि देश के कई एयरपोर्ट्स पर उड़ान यात्री कैफे शुरू हो चुके हैं। कल यानी रविवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी ऐसे ही एक कैफे की शुरुआत हुई। यह सेवा कितनी अच्छी है, इसका अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि आज यानी सोमवार 30 मार्च को आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा ने मुंबई एयरपोर्ट पर उड़ान कैफे से 10 रुपये की चाय पी और उसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर पोस्ट की।

लखनऊ में उड़ान कैफे की शुरुआत

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने कल नवाबों के शहर में स्थित चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 'उड़ान यात्री कैऱफे' का ऑनलाइन उद्घाटन किया। लखनऊ एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 के चेक-इन हॉल में इस कैफे की शुरुआत की गई है। कैफे में मात्र 10 रुपये में यात्री नाश्ता और चाय आदि पेय पदार्थों का सेवन कर सकता है। मंत्री ने इस अवसर पर बताया कि यह योजना यात्रियों की बुनियादी जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है, ताकि उन्हें उचित दरों पर गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ और पेय सामग्री मिल सके।

राघव चड्ढा ने की यात्री कैफी की तारीफ

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने आज यानी सोमवार 30 मार्च को मुंबई एयरपोर्ट से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया। इस पोस्ट में उन्होंने लिखा कि वह मुंबई एयरपोर्ट के 'उड़ान यात्री कैफे' में गए और सिर्फ 10 रुपये में चाय पी। इस पोस्ट में उन्होंने आगे लिखा कि वह मुंबई से दिल्ली के लिए फ्लाइट पकड़ने के लिए मुंबई एयरपोर्ट पर गए। उड़ान से पहले वह चाय पीना चाहते थे। उड़ान कैफे का लाभ ले रहे कई यात्रियों से उन्होंने बात की और वह सभी इस सेवा से काफी खुश दिखे। सभी ने कहा कि यह सेवा जेब पर भारी नहीं पड़ती, सर्विस क्वालिटी अच्छी है और उन्हें वैल्यू फॉर मनी लगी। उन्होंने आगे लिखा, एयरपोर्ट पर अफोर्डेबल फूड संभव है और यह उसका सुबूत है। इसके साथ ही उन्होंने अपना वीडियो भी पोस्ट किया है, जिसमें वह 'उड़ान यात्री कैफे' तक जाते हुए, चाय के लिए पेमेंट करते और चाय का लुत्फ लेते दिखते हैं।

इन हवाई अड्डों पर शुरू हुए नए उड़ान कैफे

  • चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (लखनऊ)
  • जय प्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (पटना)
  • राजकोट अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा
  • जम्मू
  • श्रीनगर
  • जयपुर
  • देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (इंदौर)
  • पटना
  • चंडीगढ़
  • वाराणसी
  • अमृतसर

इन हवाई अड्डों पर पहले से मौजूद हैं उड़ान यात्री कैफे

  • कोलकाता
  • चेन्नई
  • पुणे
  • विजयवाड़ा
  • ईटानगर
  • भुवनेश्वर
  • सूरत
  • अहमदाबाद
  • मुंबई
  • मंगलुरू
  • तिरुवनंतपुरम
  • कोयंबटूर

उड़ान कैफे में किस चीज के कितने दाम

बता दें कि आम नागरिकों की सुविधा के लिए देश के 11 प्रमुख हवाई अड्डों पर उड़ान यात्री कैफे की शुरुआत की गई है। बड़ी बात ये है कि इन कैफे पर मात्र 10 रुपये में चाय मिल जाती है। हल्की भूख लगी हो तो यात्री 20 रुपये खर्च करके समोसा और वड़ा पाव जैसे नाश्ते का लुत्फ ले सकते हैं। पानी को बोतल के लिए भी आपको सिर्फ 10 रुपये खर्च करने होंगे और कॉफी पीने का मन हो तो 20 रुपये में उसका भी लुत्फ ले सकते हैं। जब उड़ान यात्री कैफी की सुविधा नहीं थी, तब चाय-कॉफी के लिए यात्रियों को 100-50 रुपये खर्च करने पड़ जाते थे और स्नैक्स खरीदने में तो ऐसा लगता था, जैसे किसी ने जेब पर डाका डाल दिया हो।

अलग-अलग शहरों में मैन्यू भी अलग

उड़ान यात्री कैफे में हर शहर के अनुसार वहां के मैन्यू में कुछ जरूरी बदलाव भी देखने को मिलते हैं। जैसे अगर आप पुणे के उड़ान कैफे में जाएंगे तो वहां आपको 20 रुपये में वड़ा पाव मिलेगा, जबकि चेन्नई में वड़ाई, विजयवाड़ा में कचौड़ी या पैटीज का लुत्फ उठा सकते हैं और कोयंबटूर में मेंदु वड़ा स्वाद मिलेगा। यह भी सच है कि लगभग सभी 11 उड़ान कैफे में सबसे हॉट आइटम समोसा ही है।

End of Article