शहर

Sheopur News: गोद लिए बेटे ने मां की हत्या कर शव को बाथरूम में दफनाया, आखिर क्यों उठाया ऐसा कदम?

  • Agency by: भाषा
  • Updated May 10, 2024, 08:11 PM IST

मध्य प्रदेश के श्योपुर में गोद लिए बेटे ने अपनी मां की हत्या कर दी। उसने ऐसा कदम इसलिए उठाया कि वह मां के नाम से एफडी का पैसा हड़पना चाहता था। उसने हत्या कर शव को बाथरूम में दफना दिया था।

Image

सांकेतिक फोटो।

Photo : BCCL

Sheopur News: मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में 24 वर्षीय एक व्यक्ति ने सावधि जमा (एफडी) के 30 लाख रुपये हड़पने के लिए कथित तौर पर अपनी मां की हत्या कर दी और शव को अपने घर के बाथरूम में दफना दिया। पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस ने गुरुवार को आरोपी दीपक पचौरी को उसकी मां उषा (65) की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी ने खुद दर्ज कराई थी शिकायत

श्योपुर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक आनंद ने बताया कि पीड़िता के दत्तक पुत्र दीपक ने इस सप्ताह की शुरुआत में श्योपुर शहर की कोतवाली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में दावा किया गया था कि उसकी मां घर से लापता हो गई हैं। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने दीपक, उसके रिश्तेदारों और पड़ोसियों से पूछताछ की।

आखिर क्यों उठाया ऐसा कदम?

पुलिस को तब संदेह हुआ जब उसने विरोधाभासी बयान देना शुरू कर दिया। जांच से पता चला कि वह शेयर बाजार में 15 लाख रुपये गंवा चुका था और उसे पैसे की सख्त जरूरत थी। अधिकारी ने कहा कि पुलिस टीम ने पाया कि आरोपी ने घर में बाथरूम में एक नया हिस्सा बनवाया था। पुलिस ने जब उस नये हिस्से का प्लास्टर हटवाया तो वहां महिला का शव पाया गया।

महिला ने आरोपी को गोद लिया था

उन्होंने बताया कि आरोपी ने कबूल किया कि उसने सावधि जमा के 30 लाख रुपये पाने के लिए अपनी मां की हत्या कर दी, क्योंकि इसमें वह नामांकित व्यक्ति था। परिजनों के मुताबिक, पीड़िता और उसके पति भुवेंद्र पचौरी ने 23 साल पहले दीपक को एक अनाथालय से गोद लिया था। भुवेंद्र का वर्ष 2021 में निधन हो गया और तब से मां और बेटा साथ रहते थे।

End of Article