राजस्थान-पंजाब बॉर्डर पर अबोहर हलके के गांव गिदड़ांवाली में मौजूद ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब में नए साल के पावन अवसर पर परंपरा के अनुसार निशान साहिब का चोला बदला जाता है। आज यानी बुधवार 31 दिसंबर को चोला बदले के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब निशान साहिब का चोला बदलते समय एक बड़ा हादसा हो गया। चोला बदलने के लिए ऊपर चढ़ा एक युवक अचानक लोहे की कुंडी में फंस गया और लगभग 90 फीट की ऊंचाई पर लटक गया। जानकारी के मुताबिक युवक पिछले चार-पांच घंटों से उसी हालत में फंसा हुआ है, जिससे उसकी हालत को लेकर गांव में चिंता बढ़ती जा रही है।
युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए गांववासियों और कई सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं की ओर से लगातार कोशिशें की जा रही हैं। घटना के संबंध में प्रशासन को भी जानकारी दे दी गई है। लेकिन काफी समय बीत जाने के बावजूद प्रशासन की तरफ से युवक को उतारने के लिए कोई व्यवस्था अभी तक नहीं हुई है। इससे स्थानीय लोगों में रोष भी देखने को मिल रहा है।
हालांकि, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ी और एम्बुलेंस जरूर मौके पर पहुंच चुकी हैं। ऊंचाई ज्यादा होने की वजह से युवक तक पहुंचना मुश्किल हो रहा है। गुरुद्वारा परिसर में संगतें लगातार सिमरन और अरदास कर रही है, ताकि युवक को सुरक्षित नीचे उतारा जा सके।
घटना के बारे में एक फायरमैन ने जानकारी दी कि सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंच गए थे, लेकिन उनके पास उपलब्ध सीढ़ी सिर्फ 50 फीट तक की है, जबकि निशान साहिब की ऊंचाई लगभग 100 फीट है। इसी कारण ग्रामीण अपने स्तर पर सीढ़ियां लगाकर युवक को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।
इस घटना से फिलहाल पूरे गांव में तनाव और चिंता का माहौल बना हुआ है। हर किसी की नजरें युवक के सुरक्षित रेस्क्यू पर टिकी हैं और सभी अरदास कर रहे हैं कि यह हादसा किसी अनहोनी के बिना टल जाए।
