Ghaziabad Police Encounter: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई एक भीषण मुठभेड़ में 1 लाख रुपये का इनामी वांछित अपराधी मारा गया है। इस एनकाउंटर में बदमाश की गोली लगने से तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। इस दौरान दो बदमाश फरार होने में कामयाब हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
मोटरसाइकिल पर सवार थे तीन संदिग्ध
ग्रामीण डीसीपी सुरेंद्र नाथ तिवारी के मुताबिक, गाजियाबाद क्राइम ब्रांच को पुख्ता सूचना मिली थी कि 1 लाख का इनामी बदमाश धीरेंद्र उर्फ 'TD' निवाड़ी थाना क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में आने वाला है। इस इनपुट के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई की और आरोपी को पकड़ने के लिए इलाके में सघन चेकिंग शुरू की। गश्त के दौरान पुलिस को एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध लोग आते हुए दिखाई दिए। जब पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
3 पुलिसकर्मियों को मुठभेड़ में लगी गोली
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश को गोली लग गई, जबकि उसके दो अन्य साथी मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस फरार बदमाशों की तलाश में जुटी है। घायल बदमाश को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार इस खतरनाक मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोलीबारी में गाजियाबाद पुलिस के तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज कराया जा रहा है।
अपराधी के खिलाफ पहले से दर्ज थे 17 मुकदमे
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ में मारे गए इनामी बदमाश धीरेंद्र उर्फ 'TD' का लंबा चौड़ा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में कुल 17 गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज थे और पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी।
जालौन में पुलिस एनकाउंटर में आरोपी गिरफ्तार
जालौन में भी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। यहां कोंच रोड स्थित डीडी मेमोरियल स्कूल के पास एसओजी, सर्विलांस और कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश आजाद खां मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया। इस दौरान वह पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। औरैया के अजीतमल थाना क्षेत्र का निवासी आजाद खां दो महीने पहले बस में महिला का बैग चोरी करने के मामले में वांछित था। उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट समेत 16 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसके पास से तमंचा, कारतूस, 9,500 रुपये नकद और मोटरसाइकिल बरामद की। एएसपी डॉ. ईशान सोनी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
