Amritsar News: अमृतसर में मतदान से कुछ घंटे पहले, आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोलीबारी की इस घटना में 4 लोगों के घायल होने की सूचना मिली है। ये घटना अमृतसर के लखोवाल गांव की है, जहां शुक्रवार रात हत्या की इस वारदात को अंजाम दिया गया। घायलों ने मामले पर जानकारी दी कि वह सभी अपने घरों से बाहर बैठे हुए थे, तभी दो अज्ञात बाइक सवारों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलीबारी की। इस दौरान आप कार्यकर्ता को गोली लगी और उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की पहचान दीपिंदर सिंह उर्फ दीपू सरकारिया के रूप में की है।
आप कार्यकर्ता पर हमले की वजह के बारे में कुछ पता नहीं लग पाया है। पुलिस ने दीपिंदर सिंह के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम में के लिए भेज दिया है। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश कर रही है।
यहां देखें वीडियो
आप कार्यकर्ता की मौत
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात लखोवाल गांव में पार्टी की एक बैठक चल रही थी। उसी दौरान दो बाइक पर सवार अज्ञात युवकों ने बंदूक निकाली और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के बाद ये आरोपी मौके से फरार हो गए। इस घटना में 5 लोगों को गोलियां लगी, जिसमें आप कार्यकर्ता दीपिंदर सिंह भी शामिल थे। गंभीर रूप से घायल दीपिंदर सिंह और अन्य साथियों के साथ अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने आप कार्यकर्ता दीपिंदर सिंह को मृत घोषित किया। वहीं अन्य 4 घायलों को इलाज चल रहा है। पुलिस ने घायलों की पहचान सुखचरण जीत सिंह, मेजर सिंह, दिलबाग सिंह और सुमित सिंह के रूप में की है। एसएसपी सतिंदर सिंह घटनास्थल का जायजा लिया और कहा कि फिलहाल घटना के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। उसके साथ ही आरोपियों की तलाश भी जारी है। पुलिस आसपास लगे सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ा जाएगा और उन पर कार्रवाई की जाएगी।
