शहर

Aaj Kal ki Badi Ghatnayen: आज की बड़ी घटनाएं, बिहार में प्रसाद खाकर 100 बीमार, कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी; जानें और क्या?

Aaj Kal ki Badi Ghatnayen: 18 फरवरी को देशभर के विभिन्न राज्यों में अलग-अलग घटनाएं हुईं और कई हादसों में मौतें हुईं। बिहार के खगड़िया जिले में मंगलवार रात महाशिवरात्रि के अवसर पर कथित रूप से प्रसाद खाने के बाद बच्चों समेत करीब 100 ग्रामीण बीमार पड़ गए। तो वहीं देहरादून जिला न्यायालय को बुधवार को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला। आइये जानते हैं कल कौन सी घटनाएं दर्ज की गईं।

Aaj Ki Badi Khabren

आज की बड़ी घटनाएं

आज की बड़ी घटनाएं : देशभर के विभिन्न राज्यों में अनेक प्रकार की घटनाएं हुईं, जिनमें हत्या से लेकर दुष्कर्म और सड़क हादसे समेत कई अन्य मामले दर्ज किए गए। जिसमें मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घर पर गोलीबारी में इस्तेमाल किया गया हथियार बुधवार को हमलावर से बरामद कर लिया। वहीं, देहरादून जिला न्यायालय को बुधवार को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला तो उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले की एक अदालत ने छात्रा का अपहरण कर उससे सामूहिक दुष्कर्म करने तथा तेजाब से हमला कर हत्या का प्रयास करने के मामले में दोषियों को बुधवार को दोहरा आजीवन कारावास की सजा सुनाई।

रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग मामला

रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग मामले में अपराध शाखा के जबरन वसूली रोधी प्रकोष्ठ ने इस घटना के सिलसिले में अब तक हमलावर दीपक शर्मा सहित 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हमलावर ने एक फरवरी की तड़के जुहू के पॉश इलाके में शेट्टी के घर पर पांच गोलियां चलाईं और उसके बाद मौके से फरार हो गया। एक अधिकारी ने बताया कि गोलीबारी में इस्तेमाल किया गया हथियार हमलावर से बरामद कर लिया गया है और अपराध में इसके इस्तेमाल की पुष्टि के लिए इसे फोरेंसिक प्रयोगशाला भेजा गया है। पुलिस ने कहा कि इस अपराध में गिरफ्तार सभी आरोपी लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्य शुभम लोनकर के निर्देश पर काम कर रहे थे।

जांच अधिकारियों के अनुसार, फिल्म निर्माता को नुकसान पहुंचाने और वर्चस्व स्थापित करने के इरादे से यह अपराध किया गया था। सोशल मीडिया पोस्ट में घटना की जिम्मेदारी लेने वाला लोनकर राकांपा नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या और बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के घर पर गोलीबारी के मामले में भी वांछित हैं। मुंबई पुलिस ने आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) की सख्त धाराएं लगाई हैं।

देहरादून जिला न्यायालय में धमकी भरा ई-मेल

देहरादून जिला न्यायालय को बुधवार को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला, जिसके बाद पूरे न्यायालय परिसर की तत्काल गहन तलाशी ली गई। पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली। जिला न्यायाधीश की ओर से सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और न्यायालय परिसर खाली कराकर बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) तथा श्वान दस्ते की मदद से सघन जांच कराई गई। पुलिस ने बताया कि जांच में परिसर से किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। पुलिस ने बताया कि उत्तराखंड में पिछले कुछ दिन से विभिन्न जिला न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल रही हैं। नैनीताल, उत्तरकाशी, टिहरी और रुद्रप्रयाग जिला न्यायालयों को भी धमकी भरे ई-मेल मिले थे, हालांकि कहीं भी तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

छात्रा का अपहरण कर उससे सामूहिक दुष्कर्म मामले में दोहरा आजीवन कारावास

बलरामपुर जिले की एक अदालत ने छात्रा का अपहरण कर उससे सामूहिक दुष्कर्म करने तथा तेजाब से हमला कर हत्या का प्रयास करने के मामले में दोषियों को बुधवार को दोहरा आजीवन कारावास की सजा सुनाई। एक शासकीय अधिवक्ता ने यह जानकारी दी। जिला शासकीय अधिवक्ता कुलदीप सिंह ने बताया कि जिला न्यायाधीश उत्कर्ष चतुर्वेदी की अदालत ने इस मामले में अजय कुमार उर्फ गौरी शंकर और धमेंद्र सोनी उर्फ आकाश को दोषी ठहराते हुए चार-चार लाख रुपये के जुर्माने की सजा भी सुनाई। यह फैसला घटना के लगभग 10 महीने के भीतर सुनाया गया। सिंह ने बताया कि चार मार्च 2025 को इंटर की परीक्षा देकर लौट रही 20 वर्षीय छात्रा का अजय (26) और धमेंद्र सोनी (20) ने अपहरण कर उससे सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपियों ने हथौड़ी और प्लास से हमलाकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। जिला शासकीय अधिवक्ता ने बताया कि आरोपी छात्रा को सड़क किनारे फेंक दिया और तेजाब से हमला कर उसे मृत समझकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने अचेत अवस्था में छात्रा को लखनऊ के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां लंबे इलाज के बाद उसे बचा लिया गया। पीड़िता के बयान और साक्ष्यों के आधार पर न्यायाधीश ने दोनों दोषियों को दोहरा आजीवन कारावास की सजा सुनाई।

बिहार में प्रसाद खाने से 100 लोग बीमार

बिहार के खगड़िया जिले में मंगलवार रात महाशिवरात्रि के अवसर पर कथित रूप से प्रसाद खाने के बाद बच्चों समेत करीब 100 ग्रामीण बीमार पड़ गए। जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र के नयागांव पंचखुट्टी टोले में हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पंचायत मुखिया ने मामले की जानकारी नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को दी। अधिकारियों के अनुसार, एक चिकित्सकीय दल को तुरंत गांव भेजा गया और टोले के काली मंदिर परिसर में इलाज के लिए स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। यह मामला प्रसाद खाने के बाद खाद्य विषाक्तता का प्रतीत होता है। गांव भेजी गई मेडिकल टीम ने तुरंत कार्रवाई की और सभी मरीजों का समुचित इलाज किया गया। उनकी हालत अब स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। अधिकारियों ने बताया कि कुछ बच्चों की हालत गंभीर बताई गई, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए परबत्ता के एक अस्पताल में रेफर किया गया है। चिकित्सकों ने ग्रामीणों से अपील की कि भविष्य में ऐसे हादसों से बचने के लिए धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में भोजन वितरण के दौरान स्वच्छता और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।

महफूज अली (45) उर्फ बॉबी कबूतर गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने पिछले साल उत्तर-पूर्वी दिल्ली में दो भाइयों की हत्या सहित कई आपराधिक मामलों में वांछित एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान महफूज अली (45) उर्फ बॉबी कबूतर के रूप में हुई है, जिसे मंगलवार रात महिपालपुर के पास दो पुरुषों और एक महिला के साथ एसयूवी में सवार होकर जाते समय पकड़ा गया। पुलिस सूत्रों का दावा कि कबूतर पंजाब के मानसा जिले में 2022 में पंजाबी गायक-रैपर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के सिलसिले में भी वांछित था। उस पर हत्या से कुछ दिन पहले गायक की गतिविधियों की रेकी करने का संदेह है। जांचकर्ता इस बात की भी पड़ताल कर रहे हैं कि मूसेवाला हत्याकांड में इस्तेमाल किए गए हथियार कबूतर और उसके सहयोगियों के माध्यम से प्राप्त किए गए थे या नहीं।

डीडीए ने आवास योजनाओं में फ्लैट की कीमतों से ‘पृथक पार्किंग शुल्क' हटा

दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने घर खरीदारों को राहत देने के उद्देश्य से अपनी आवासीय योजनाओं में फ्लैट की कुल कीमत से ’पृथक पार्किंग शुल्क’ को हटाने का फैसला किया है। हालिया आदेश के अनुसार, डीडीए ने निर्देश दिया है कि पार्किंग निर्माण की कुल लागत को परियोजना के समग्र व्यय में शामिल किया जाएगा। आदेश में कहा गया है कि कार गैराज, स्कूटर गैराज तथा पार्किंग के नाम पर फ्लैट की कुल कीमत में कोई अलग या अतिरिक्त शुल्क नहीं जोड़ा जाएगा। यह आदेश डीडीए कर्मयोगी आवास योजना 2025, डीडीए टावरिंग हाइट्स कड़कड़डूमा आवास योजना 2025 (ई-नीलामी), डीडीए नागरिक आवास योजना 2026 और डीडीए टावरिंग हाइट्स कड़कड़डूमा आवास योजना 2026 सहित सभी चालू परियोजनाओं पर लागू होता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pushpendra Kumar
Pushpendra Kumar author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ... और देखें

End of Article