Girad Mata Temple Fire: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भरमौर विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक भयानक आग की घटना घटी। जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत खुंदेल के गिरड़ में स्थित प्रसिद्ध और ऐतिहासिक गिरड़ माता मंदिर अचानक आग की चपेट में आ गया। लगभग दो शताब्दी पुराना यह मंदिर अब केवल राख और मलबे में बदल चुका है। बताया जा रहा है कि, यह हादसा शुक्रवार सुबह लगभग 3:30 बजे हुआ।
तेजी से फैली आग
मंदिर की मुख्य संरचना देवदार की बहुमूल्य लकड़ियों से बनी थी, जिसके कारण आग ने बेहद तेजी से फैलकर भारी नुकसान किया। जब तक स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव प्रयास शुरू किए, तब तक मंदिर का भव्य ढांचा पूरी तरह जल चुका था। इस आगजनी से लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। इस घटना से आसपास के इलाके में हड़कंप मंच गया।
मूर्तियों को भी पहुंचा नुकसान
इस अग्निकांड में केवल मंदिर की इमारत ही नहीं, बल्कि मंदिर में रखी प्राचीन और ऐतिहासिक विरासत को भी अपूरणीय क्षति पहुंची है। संगमरमर और दुर्लभ 'ब्लैक स्टोन' से निर्मित माता की मूर्तियां आग की तीव्रता से क्षतिग्रस्त हो गई हैं। मंदिर में मौजूद पीतल की प्राचीन मूर्तियां भी भारी नुकसान का शिकार हुई हैं। साथ ही, देवदार की लकड़ी पर की गई दुर्लभ और प्राचीन नक्काशी अब केवल स्मृतियों में रह गई है।
आग के कारणों का पता नहीं
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय विधायक डॉ. जनक राज ने गहरा दुःख व्यक्त किया और इसे क्षेत्र की धार्मिक व सांस्कृतिक धरोहर के लिए एक गंभीर क्षति बताया। खुंदल पंचायत के प्रधान रत्न ठाकुर ने बताया कि भरमौर उपमंडल के गिरड़ गांव सहित पूरे जिले और प्रदेश के लोगों की आस्था का प्रतीक बने इस मंदिर में आग लगने के कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाए हैं।
