यूटिलिटी

Password के बिना कैसे अनलॉक हो जाता है फोन! Face Unlock कैसे करता है काम

How Face Unlock Works: क्या आपने सोचा है आपका फोन आपका चेहरा सामने आते ही कैसे अनलॉक हो जाता है। आखिर फेस अनलॉक काम कैसे करता है?

Image

पासवर्ड के बिना चेहरा देखकर फोन अनलॉक कैसे हो जाता है? (AI Generated Image)

How Face Unlock Works: आज के समय में स्मार्टफोन का इस्तेमाल केवल कॉल करने या इंटरनेट चलाने तक सीमित नहीं है। फोन में बैंकिंग, डिजिटल पेमेंट और निजी जानकारियों से जुड़े कई जरूरी डेटा मौजूद होते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा बेहद अहम हो जाती है। फोन को अनलॉक करने के लिए पासवर्ड, पिन या पैटर्न का ही इस्तेमाल नहीं होता, इसमें फेस डेटा सेटिंग का भी इस्तेमाल होता है। इसमें फोन यूजर का चेहरा पहचानकर अपने आप अनलॉक हो जाता है। लेकिन सवाल ये कि फेस अनलॉक की ये तकनीक आखिर काम कैसे करती है-

कैमरा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका

फेस अनलॉक (Face Unlock) तकनीक में स्मार्टफोन का कैमरा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) अहम भूमिका निभाते हैं। जब कोई यूजर पहली बार फोन में फेस अनलॉक सेट करता है, तो फोन उसके चेहरे की तस्वीर या उससे जुड़े खास फीचर्स को रिकॉर्ड करता है। इसमें आंखों के बीच की दूरी, नाक का आकार, चेहरे की बनावट और दूसरे खास बिंदुओं का विश्लेषण किया जा सकता है।

इसके बाद फोन इन जानकारियों से एक डिजिटल फेस प्रोफाइल तैयार करता है। अगली बार जब यूजर फोन की स्क्रीन ऑन करता है तो कैमरा सामने से यूजर के चेहरे को स्कैन करता है। सिस्टम नए स्कैन की तुलना पहले से सुरक्षित फेस प्रोफाइल से करता है। दोनों के बीच समानता मिलने पर फोन अनलॉक हो जाता है।

हर फोन में एक जैसी नहीं होती तकनीक

सभी स्मार्टफोन में फेस अनलॉक का तरीका एक जैसा नहीं होता। कई फोन सामान्य फ्रंट कैमरे और सॉफ्टवेयर की मदद से चेहरे की पहचान करते हैं। वहीं, कुछ प्रीमियम स्मार्टफोन में इन्फ्रारेड कैमरा, डॉट प्रोजेक्टर और डेप्थ सेंसर जैसे खास हार्डवेयर भी मौजूद होते हैं।

ये सेंसर चेहरे की गहराई और त्रि-आयामी बनावट को समझने में मदद करते हैं। इससे सिस्टम के लिए असली चेहरे और किसी सामान्य फोटो के बीच अंतर करना आसान हो सकता है। हालांकि, सुरक्षा का स्तर फोन में इस्तेमाल होने वाली तकनीक पर निर्भर करता है।

क्या अंधेरे में भी फोन अनलॉक होता है?

अगर फोन केवल सामान्य कैमरे पर निर्भर है, तो कम रोशनी में चेहरा पहचानने में परेशानी हो सकती है। इसके विपरीत, इन्फ्रारेड सेंसर वाले फोन अंधेरे में भी चेहरे को पहचान सकते हैं। कुछ डिवाइस स्क्रीन की रोशनी का इस्तेमाल कर भी चेहरे को स्कैन करते हैं।

क्या फेस अनलॉक पूरी तरह सुरक्षित है?

फेस अनलॉक सुविधाजनक है, लेकिन हर फोन में इसकी सुरक्षा समान नहीं होती। इसलिए संवेदनशील डेटा की सुरक्षा के लिए मजबूत पिन या पासवर्ड रखना बेहतर है। जरूरत पड़ने पर बैंकिंग ऐप्स में अलग सुरक्षा व्यवस्था का इस्तेमाल भी करना चाहिए।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article