शहर

Delhi: सफदरजंग फ्लाईओवर के पास गोदाम में भीषण आग का कहर, मौके पर 14 दमकल गाड़ियां मौजूद

दिल्ली के सफदरजंग फ्लाईओवर के पास एनडीएमसी के एक गोदाम में शुक्रवार शाम भयंकर आग लग गई। दमकलकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचकर आग को नियंत्रित करने में जुट गए। अधिकारियों ने बताया कि समय पर सूचना मिलने के कारण कोई बड़ा हादसा टल गया और फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

Image

दिल्ली में सफदरजंग फ्लाईओवर के पास NDMC वेयरहाउस में लगी आग (फोटो: ANI)

Photo : ANI

Delhi News: दिल्ली में एक बार फिर भीषण आग का तांडव देखने को मिला है। बताया जा रहा है कि, राजधानी के सफदरजंग फ्लाईओवर के पास एनडीएमसी के एक गोदाम में शुक्रवार को भयंकर आग लग गई। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर 14 दमकल गाड़ियां भेजी गईं। दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने बताया कि आग शाम 6 बजकर 2 मिनट पर लगी और दमकलकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुट गए हैं। अधिकारी ने कहा कि हमारी टीमें घटना स्थल पर पूरी तरह से सक्रिय हैं और आवश्यक होने पर और दमकल गाड़ियां भी भेजी जाएंगी।

दिल्ली फायर सर्विस ने क्या बताया

दिल्ली फायर सर्विस ने बताया कि, आज शाम लगभग 6 बजे SHO/PS सरोजिनी नगर को एक जिम्मेदार नागरिक द्वारा सूचना मिली कि सफदरजंग फ्लाईओवर के नीचे, प्राचीन शिव मंदिर के पास स्थित एनडीएमसी के एक गोदाम में बड़ी आग लगी है। पुलिसकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आग प्रभावित क्षेत्र में मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। ऐसे में, समय पर मिली सूचना की वजह से किसी बड़े हादसे को टाला जा सका। मौके पर 14 दमकल गाड़ियां मौजूद हैं और आग को नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं। फिलहाल बताया जा रहा है कि, इस हादसे में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।

पिछले महीने यहां हुआ था अग्निकांड

आग की घटना की बात करें तो, पिछले महीने जनवरी में कापसहेड़ा-राजोकरी सीमा के पास एक प्लास्टिक और पॉलीथीन गोदाम में भीषण आग लगी थी, जिसने आसपास के झुग्गी-झोपड़ी इलाकों को भी प्रभावित किया। घटना की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। अधिकारियों के अनुसार, आग बुझाने के लिए 24 दमकल गाड़ियां तैनात की गई थीं। गौरतलब है कि, इस भयावह हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article