शहर

Ayodhya News: अयोध्या में 14 कोसी परिक्रमा शुरू, उमड़े 30 लाख श्रद्धालु; मंदिरों में दर्शन करने वालों का लगा तांता

​14 कोसी परिक्रमा की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सिविल पुलिस के साथ-साथ सीआरपीएफ की रैपिड एक्शन फोर्स को भी तैनात किया गया है।​

Image

14 कोसी परिक्रमा के लिए पूरे अयोध्या में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

Ayodhya News: अयोध्या में मंगलवार को सरयू नदी में पवित्र स्नान करने के बाद चौदह कोसी परिक्रमा में भाग लेने के लिए लगभग 30 लाख लोग अयोध्या में एकत्र हुए। तड़के शुरू हुई परिक्रमा में श्रद्धालु अयोध्या की लगभग 50 किलोमीटर की परिधि का चक्कर लगाते हैं। यह परिक्रमा बृहस्पतिवार सुबह तक पूरी हो जाएगी।

14 कोसी परिक्रमा

14 कोसी परिक्रमा

देशभर से लाखों श्रद्धालु पहुंचे आयोध्या

हनुमान गढ़ी मंदिर से जुड़े वरिष्ठ संत तथा महंत धनीधर दास ने कहा कि शास्त्रों के अनुसार यह माना जाता है कि इस चौदह कोसी परिक्रमा में केवल मनुष्य ही नहीं बल्कि 33 करोड़ देवी-देवता भी अयोध्या आकर परिक्रमा करते हैं। दास ने कहा कि हर साल कार्तिक अक्षय नवमी की तिथि पर अयोध्या में होने वाली चौदह कोसी परिक्रमा करने के लिये 30 लाख श्रद्धालुओं के साथ-साथ विभिन्न धार्मिक स्थानों प्रयागराज, हरिद्वार, मथुरा, वाराणसी और हिंदू भक्ति की पवित्र पीठ यानी सभी सात पुरियों से लगभग दो लाख संत अयोध्या आते हैं। ऐसा माना जाता है कि अक्षय नवमी के दिन किया गया कार्य कभी समाप्त नहीं होता है, इसलिए इस दिन लोग धार्मिक अनुष्ठान, पूजा, व्रत और दान करते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यही कारण है कि देशभर से लाखों श्रद्धालु परिक्रमा के लिए अयोध्या पहुंचे हैं।

14 कोसी परिक्रमा

14 कोसी परिक्रमा

महंत दास ने बताया कि अगली पंच कोसी परिक्रमा बृहस्पतिवार शाम को शुरू होगी जिसमें श्रद्धालु पवित्र शहर की लगभग 15 किलोमीटर की परिधि में पैदल यात्रा करेंगे। उन्होंने बताया कि परिक्रमा को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये हैं।

पुलिस के साथ-साथ सीआरपीएफ के जवानों की हुई तैनाती

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आर.के. नैय्यर ने बताया कि परिक्रमा की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सिविल पुलिस के साथ-साथ सीआरपीएफ की रैपिड एक्शन फोर्स को भी तैनात किया गया है और परिक्रमा क्षेत्र की सभी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के लिए करीब दो सौ स्थानों पर क्लोज सर्किट टीवी कैमरे लगाए गए हैं।

उत्तर प्रदेश पुलिस

उत्तर प्रदेश पुलिस

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूरे परिक्रमा क्षेत्र को पांच जोन और 12 सेक्टर में बांटा गया है, जिसकी निगरानी पुलिस उपाधीक्षक स्तर के पुलिस अधिकारी करेंगे और दो मुख्य सुरक्षा क्षेत्रों के लिए अपर पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी तैनात किए गए हैं। नैय्यर ने बताया कि खुफिया विभाग के कर्मियों के साथ-साथ बम निरोधक दस्ते भी विभिन्न सुरक्षा बिंदुओं पर तैनात किये गये हैं।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article