बिजनेस

फिल्में, विज्ञापन और ओटीटी हिंदी भाषा से कैसे चला रही है अरबों का कारोबार?

हिंदी आज सिर्फ संवाद की भाषा नहीं रही, बल्कि यह मनोरंजन और विज्ञापन की दुनिया का सबसे बड़ा बिजनेस टूल बन चुकी है। फिल्मों से लेकर विज्ञापनों और ओटीटी प्लेटफॉर्म तक, हिंदी भाषा करोड़ों लोगों तक सीधी पहुंच बनाकर अरबों रुपये का कारोबार खड़ा कर रही है। छोटे शहरों और कस्बों तक अपनी पकड़ मजबूत कर हिंदी कंटेंट ब्रांड्स और प्रोड्यूसर्स के लिए कमाई का बड़ा जरिया बन गया है।

Image

World hindi day

हिंदी भाषा सिर्फ बोलचाल की भाषा नहीं रह गई है, यह अब कारोबार का एक बड़ा साधन बन चुकी है। हिंदी न केवल भारत में सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा है बल्कि व्यापार, मनोरंजन और विज्ञापन के क्षेत्र में इसका बड़ा आर्थिक महत्व है। 2026 में जब दुनिया हिंदी दिवस मनाती है, तब यह साफ हो जाता है कि हिंदी सिर्फ संस्कृति का प्रतिनिधि नहीं है, बल्कि एक विशाल बाजार तक पहुंच बनाने वाली भाषा भी बन चुकी है। भारत में ही हिंदी रोटी और रोजगार की भाषा मानी जाती है ऐसा इसलय क्योंकि यहां ज्यादातर काम और चीजें हिंदी में ही हैं। फिर चाहें वो बॉक्स ऑफिस की फिल्में हों, OTT की सीरीज हो या बीच में आने वाला 30 सेकंड का एड हो। ऐसे में आइए बताते हैं फिल्मो से लेकर विज्ञापन और OTT तक हिंदी से अपना बिजनेस अरबों की कमाई के साथ कैसे चला रही हैं।

कितना बड़ा हिंदी फिल्मों का बिजनेस

सबसे पहले बात करें हिंदी फिल्मों की। हिंदी फिल्म उद्योग, यानी बॉलीवुड, भारत की सबसे बड़ी और सबसे पुरानी फिल्म इंडस्ट्री में से एक है। एक रिपोर्ट के अनुसार 2023 में हिंदी फिल्मों ने संयुक्त रूप से 1.3 अरब डॉलर (करीब हजारों करोड़ रुपये) की कमाई की थी, जो कि अब तक का सबसे अधिक सालाना बॉक्स ऑफिस राजस्व है। हिंदी फिल्मों की लोकप्रियता ने मनोरंजन उद्योग को इतना मजबूती दी है कि यह न केवल भारत में बल्कि विदेशों में भी दर्शकों को आकर्षित कर रही है।

बॉलीवुड की कमाई ने आर्थिक दृष्टि से साबित कर दिया है कि कहानी सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि यह एक बड़ा बिजनेस मॉडल भी बन चुकी है। पहले फिल्मों की कमाई थिएटर टिकट से होती थी, लेकिन अब डिजिटल रिलीज़, लाइसेंसिंग, मर्चेंडाइज़ और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीमिंग की कमाई ने इस इंडस्ट्री को और विस्तृत किया है। OTT प्लेटफॉर्म जैसे नेटफ्लिक्स, अमेज़न प्राइम और लोकल प्लेटफॉर्म भी हिंदी कंटेंट में भारी निवेश कर रहे हैं, जिससे दर्शकों की संख्या और सब्सक्रिप्शन की कमाई दोनों बढ़ रही हैं।

कितना बड़ा हैं हिंदी एड्स का बिजनेस?

अब बात करते हैं विज्ञापन की दुनिया की। पिछले कुछ वर्षों में, दुनिया भर के ब्रांड ने यह समझ लिया है कि हिंदी में मार्केटिंग करना उन्हें एक बड़ा उपभोक्ता आधार देता है। रिपोर्टों के मुताबिक भारत में लगभग 57 प्रतिशत इंटरनेट उपयोगकर्ता भारतीय भाषाओं का उपयोग ऑनलाइन करते हैं, जिनमें हिंदी सबसे आगे है। यह दर्शाता है कि हिंदी का इस्तेमाल कर ब्रांड्स स्थानीय बाजार और ग्रामीण इलाकों तक आसानी से पहुंच पा रहे हैं, जिससे बिक्री में वृद्धि हो रही है और ग्राहकों की वफादारी भी बढ़ रही है।

हिंदी कैसे बनी गेमचेंजर

Hindi language marketing expert के मुताबिक हिंदी विज्ञापन और संवादों में एक भावनात्मक जुड़ाव होता है, जो दर्शक के दिल को सीधे छूता है। जैसे बॉलीवुड के प्रसिद्ध संवाद आज भी सोशल मीडिया और संस्कृति का हिस्सा बने हुए हैं, वैसे ही विज्ञापनों में हिंदी का इस्तेमाल ब्रांड और ग्राहक के बीच संवाद मजबूत करता है।

इसके अलावा, इंटरनेट पर हिंदी भाषा का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। सोशल मीडिया और डिजिटल मार्केटिंग में हिंदी कंटेंट की मांग निरंतर बढ़ रही है, जिससे स्थानीय व्यवसाय भी हिंदी में अपनी उपस्थिति बढ़ा रहे हैं। यही वजह है कि हिंदी वाले कंटेंट से जुड़ा व्यवसाय, विज्ञापन और प्रमोशन का बाजार अब अरबों रुपये में पहुंच चुका है।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article