देश

'धर्मेंद्र प्रधान को हटाकर सोनम वांगचुक को बनाएं शिक्षा मंत्री, सरकार अहंकार छोड़ सुने युवाओं की बात', जंतर-मंतर पर बरसे केजरीवाल

Arvind Kejriwal: अरविंद केजरीवाल ने लद्दाख के अधिकारों के लिए अनशन कर रहे सोनम वांगचुक का समर्थन किया है। उन्होंने देश में लगातार हो रहे पेपर लीक और छात्रों की आत्महत्याओं पर गहरा दुख जताते हुए केंद्र सरकार को घेरा।

Image

सोनम वांगचुक के समर्थन में आए केजरीवाल

Photo : ANI

Arvind Kejriwal: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने लद्दाख के अधिकारों के लिए पिछले 19 दिनों से अनशन पर बैठे पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक (Sonam Wangchuk fast) का समर्थन करते हुए सरकार को चेतावनी दी। केजरीवाल ने कहा कि देश में तानाशाही का माहौल है, जहां हक की आवाज उठाने वाले शिक्षकों और युवाओं को गिरफ्तार कर उनकी आवाज को दबाया जा रहा है।

अपने संबोधन में केजरीवाल ने कहा, "मैं सोनम वांगचुक को सलाम करता हूं, जो अपने लिए नहीं बल्कि लद्दाख के लोगों और हमारे देश के युवाओं के भविष्य के लिए अनशन कर रहे हैं।" इसके साथ ही उन्होंने देश के उन सभी शिक्षकों और बुद्धिजीवियों का भी समर्थन किया, जिन्हें अपने राज्यों में आवाज उठाने के कारण जेलों में डाल दिया गया।

पेपर लीक और युवाओं की आत्महत्या पर जताई चिंता

खुद आईआईटी के छात्र रहे केजरीवाल ने आज की परीक्षा प्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, "जब हमने परीक्षा दी थी, तब पेपर लीक जैसी चीजें नहीं सुनी जाती थीं। लेकिन आज यह हर साल का नियम बन चुका है। पेपर लीक होता है, कमेटी बनती है, जांच का नाटक होता है और फिर अगले पेपर लीक की तैयारी शुरू हो जाती है।" उन्होंने बेहद भावुक होते हुए कहा कि इस भ्रष्ट सिस्टम के कारण हाल ही में 30 मासूम बच्चों ने आत्महत्या कर ली। हमारे देश का युवा इस व्यवस्था को अब और बर्दाश्त नहीं करेगा।

इतिहास से सबक लेने की चेतावनी

केजरीवाल ने साल 2011 के अन्ना आंदोलन के दिनों को याद करते हुए वर्तमान सरकार के रवैये की तुलना तत्कालीन कांग्रेस सरकार से की। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा, "4 अप्रैल 2011 को इसी जगह अन्ना आंदोलन हुआ था। तब की सरकार को भी बहुत घमंड था और आज की सरकार को भी बहुत घमंड है। मैं साफ कहना चाहता हूं कि युवाओं की बात सुन लो, वरना 3 साल बाद आपका भी वही हश्र होगा जो उनका 2014 के चुनावों में हुआ था।"

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article