Withdrawing Cash from Credit Card: महीने के अंत में अचानक पैसों की जरूरत पड़ जाए तो क्रेडिट कार्ड से कैश निकालना (Credit Card Cash Advance) एक आसान विकल्प नजर आ आता है। इसकी सबसे बड़ी खासियत ही यही है कि आपको बिना किसी कागजी प्रक्रिया के तुरंत पैसे मिल जाते हैं। हालांकि, क्रेडिट कार्ड से कैश निकालने को बहुत से लोग एक सही प्रैक्टिस नहीं मानते हैं। ऐसे में आपको क्रेडिट कार्ड से कैश निकालने के फायदों और नुकसान दोनों के बारे में समझना चाहिए-
क्रेडिट कार्ड से कैश निकालने के नुकसान

Credit Card से कैश निकालना चाहिए या नहीं (Photo: iStock)
कैश एडवांस फीस
इस सुविधा का लाभ उठाते हैं तो सबसे पहले कैश एडवांस फीस देनी पड़ती है, जो हर बार कैश निकालने पर लगती है। यह आमतौर पर ट्रांजैक्शन अमाउंट का 2.5% से 3% तक होती है और न्यूनतम 250 रुपए से 500 रुपए तक हो सकती है।
फाइनेंस चार्ज
इसके अलावा, इस सर्विस पर फाइनेंस चार्ज (ब्याज) भी लगता है। यानी जिस दिन आप पैसा निकालते हैं, उसी दिन से ब्याज लगना शुरू हो जाता है। यह ब्याज लगभग 2.5% से 3.5% प्रति माह तक हो सकता है।
ब्याज
क्रेडिट कार्ड से कैश निकालने पर ब्याज भरना पड़ता है। ब्याज आमतौर पर मासिक दर के रूप में लिया जाता है, जो लगभग 2.5% से 3.5% प्रति माह तक हो सकता है।
ATM फीस
ATM से कैश निकालने पर भी शुल्क लगता है। एक सीमा तक फ्री ट्रांजैक्शन मिल सकते हैं, लेकिन उसके बाद हर निकासी पर चार्ज लगता है, जो टैक्स के अलावा होता है।
लेट पेमेंट फीस
अगर आप समय पर पूरा भुगतान नहीं करते हैं, तो लेट पेमेंट फीस भी लगती है, जो 15% से 30% तक हो सकती है। इससे आपका कुल बकाया और बढ़ जाता है।
क्रेडिट स्कोर पर असर
कैश एडवांस सीधे आपके क्रेडिट स्कोर को प्रभावित नहीं करता, लेकिन इससे जुड़े अधिक शुल्क आपकी मासिक देनदारी (EMI/बिल) बढ़ा देते हैं। अगर आप न्यूनतम बकाया राशि (Minimum Due) का भुगतान समय पर नहीं करते हैं, तो इसका नकारात्मक प्रभाव आपके क्रेडिट स्कोर पर पड़ सकता है। इसलिए हमेशा समय पर भुगतान करना बेहद जरूरी है।
रिवॉर्ड पॉइंट्स नहीं मिलते
बैंक अपने क्रेडिट कार्ड धारकों को रिवॉर्ड्स देते हैं, जैसे डिस्काउंट, गिफ्ट या अन्य ऑफर्स। बैंक खास प्रोग्राम बनाते हैं, जिनके जरिए कार्डधारकों को डाइनिंग, ट्रैवलिंग और शॉपिंग जैसी जगहों पर क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। इन ट्रांजैक्शन के जरिए आप रिवॉर्ड पॉइंट्स कमा सकते हैं, जिन्हें गिफ्ट वाउचर, कैश रिवॉर्ड या एयर माइल्स में रिडीम किया जा सकता है। हालांकि, जब आप क्रेडिट कार्ड से कैश निकालते हैं, तो आमतौर पर कोई रिवॉर्ड पॉइंट नहीं मिलता। इसलिए कैश एडवांस का इस्तेमाल केवल जरूरत पड़ने पर ही करना बेहतर होता है।
क्रेडिट कार्ड से कैश निकालने के फायदे
इस सुविधा का सबसे बड़ा फायदा ही तुरंत कैश उपलब्ध होना है। इसके लिए आपको किसी तरह के पेपरवर्क और इंतजार की जरूरत नहीं होती। आप सीधे ATM से पैसे निकाल सकते हैं।
कब करें इस सुविधा का इस्तेमाल
अगर आप अचानक किसी आर्थिक परेशानी में हैं और आपके पास कोई दूसरा विकल्प नहीं है, तो Credit Card कैश एडवांस मददगार हो सकता है। लेकिन इसे केवल जरूरत के समय ही इस्तेमाल करें, क्योंकि इसके साथ अतिरिक्त खर्च जुड़ा होता है।
