बिजनेस

Eid Milad-un-Nabi पर कल खुलेगा या बंद रहेगा शेयर बाजार? जानें

8 सितंबर 2025 को ईद मिलाद-उन-नबी के मौके पर शेयर बाजार (NSE और BSE) खुले रहेंगे और सामान्य ट्रेडिंग होगी। हालांकि, यह दिन सेटलमेंट हॉलिडे रहेगा, इसलिए लेनदेन का निपटान अगले कारोबारी दिन यानी 9 सितंबर को किया जाएगा। निवेशकों को केवल क्लियरेंस और क्रेडिट की एंट्री में एक दिन की देरी दिखेगी।

Image

Eid Milad-un-Nabi

8 सितंबर 2025, सोमवार को देशभर में ईद मिलाद-उन-नबी (Eid-e-Milad-un-Nabi) का त्योहार मनाया जाएगा। इस मौके पर मुंबई और कई हिस्सों में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। छुट्टी की वजह से निवेशकों के मन में यह सवाल है कि इस दिन शेयर बाजार (NSE और BSE) खुले रहेंगे या बंद रहेंगे।

स्पष्ट कर दें कि शेयर बाजार इस दिन सामान्य रूप से खुले रहेंगे। यानी निवेशक 8 सितंबर को पहले की तरह ही ट्रेडिंग कर सकेंगे। BSE और NSE दोनों एक्सचेंज पर लेनदेन पर कोई रोक नहीं होगी।

शेयर बाजार में नहीं होगा ये काम

हालांकि, इस दिन सेटलमेंट (निपटान) अवकाश रहेगा। इसका मतलब है कि ट्रेडिंग तो होगी लेकिन लेनदेन का निपटान उसी दिन नहीं होगा। बैंक और डिपॉजिटरी जैसे बैकएंड सिस्टम बंद रहने के कारण खरीदे-बेचे गए शेयरों और मुनाफे-नुकसान की एंट्री आपके खाते में उसी दिन नहीं दिखेगी। सेटलमेंट अगले कारोबारी दिन यानी 9 सितंबर 2025 को होगा।

कब होगा सेटेलमेंट

इसलिए निवेशकों को घबराने की जरूरत नहीं है। अगर 5 सितंबर या 8 सितंबर को आपने कोई सौदा किया है तो उसका क्लियरेंस और क्रेडिट आपके डिमैट या बैंक अकाउंट में अगले दिन दिखाई देगा।

संक्षेप में, 8 सितंबर को शेयर बाजार खुले रहेंगे लेकिन सेटलमेंट अगले दिन किया जाएगा। इसलिए निवेशकों को केवल लेनदेन की एंट्री में एक दिन की देरी देखने को मिलेगी।

कैसा था बाजार का हाल

पिछले कारोबारी दिन यानी 5 सितंबर को भारतीय शेयर बाजार में दिनभर उतार-चढ़ाव देखने को मिला। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी तेजी के साथ खुले, लेकिन आईटी, एफएमसीजी और रियल्टी सेक्टर के शेयरों में दबाव की वजह से बाजार लाल निशान में चला गया। हालांकि, आखिरी घंटों में खरीदारी लौटने से दोनों बेंचमार्क इंडेक्स हरे निशान पर बंद होने में कामयाब रहे।

शुक्रवार को सेंसेक्स मामूली 7.25 अंक यानी 0.01% की गिरावट के साथ 80,710.76 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 6.70 अंक या 0.03% की हल्की बढ़त के साथ 24,741.00 पर बंद हुआ। पूरे दिन के कारोबार में 2081 शेयरों में तेजी रही, 1828 शेयर गिरे और 152 शेयर बिना किसी बदलाव के बंद हुए।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article