सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को भारतीय शेयर बाजार ने दमदार शुरुआत की। BSE सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 734 अंकों की बढ़त के साथ 82,488 पर पहुंच गया, जबकि NSE निफ्टी 208 अंकों की छलांग के साथ 25,060 पर कारोबार करता दिखा। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी तेजी रही, जिससे डलाल स्ट्रीट पर बुलिश सेंटिमेंट का साफ संकेत मिला। Geojit Financial Services के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट डॉ. वीके विजयकुमार ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) का रिकॉर्ड डिविडेंड और भारत का दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनना, बाजार की भावनाओं के लिए बड़ा समर्थन है। उन्होंने कहा, "RBI की ओर से बजट अनुमान से अधिक सरप्लस ट्रांसफर से FY26 का राजकोषीय घाटा 4.4% तक सीमित रह सकता है। इससे महंगाई पर नियंत्रण और ब्याज दरों में गिरावट की उम्मीद को बल मिला है।"
डॉ. विजयकुमार ने यह भी चेताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा यूरोपीय संघ पर टैरिफ टालना फिलहाल राहत जरूर है, लेकिन यह अस्थायी कदम हो सकता है। "अगर ट्रम्प ने Apple पर 25% टैरिफ लगाने जैसा कोई कदम उठाया, तो वैश्विक बाजार में अस्थिरता बढ़ सकती है।
मिडकैप शेयरों की चमक बरकरार, निवेशकों को राहत
बीते कुछ हफ्तों में मिडकैप शेयरों का प्रदर्शन बेहतर रहा है। इससे वैल्यूएशन को लेकर बनी चिंता कुछ हद तक कम हुई है और बाजार में सकारात्मकता बनी हुई है।
Geojit के चीफ मार्केट स्ट्रैटेजिस्ट आनंद जेम्स ने बताया कि टेक्निकल चार्ट पर "मॉर्निंग स्टार" पैटर्न बन रहा है, जो तेजी का संकेत है।
"यदि निफ्टी हालिया पीक 25,235 को पार करता है, तो अगला लक्ष्य 25,460 और तेजी की स्थिति में 26,250 तक हो सकता है," उन्होंने कहा।
हालांकि, उन्होंने चेताया कि यदि निफ्टी 24,950 पार नहीं कर पाता, तो बाजार में मंदी का रुख आ सकता है। डाउनसाइड के लिए 24,755 और मजबूत सपोर्ट 24,500 पर है, जिसके नीचे गिरावट 24,060 तक जा सकती है।
