देश के एक करोड़ से ज्यादा केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए इस दिवाली सबसे बड़ा तोहफा मिलने वाला है। सरकार महंगाई भत्ते (Dearness Allowance-DA) में बढ़ोतरी का ऐलान करने जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, कैबिनेट की बैठक 15 अक्टूबर 2025 को होगी, जिसमें इस फैसले पर मुहर लग सकती है। यानी त्योहारों से ठीक पहले आपकी जेब में ज्यादा पैसा आने वाला है।
क्यों और कितना बढ़ेगा DA?
महंगाई भत्ता कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को महंगाई से राहत देने के लिए दिया जाता है। इसका हिसाब AICPI (ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स) के आंकड़ों से लगाया जाता है। जनवरी से जून 2025 तक के आंकड़े बता रहे हैं कि इस बार DA में 3% की बढ़ोतरी तय है। अभी कर्मचारियों को 55% की दर से DA मिल रहा है, जो बढ़कर 58% हो जाएगा।
कितना फायदा होगा जेब में?
मान लीजिए आपकी बेसिक सैलरी ₹18,000 है तो अभी आपको ₹9,900 महंगाई भत्ता मिल रहा है। नए DA के बाद यह बढ़कर ₹10,440 हो जाएगा। यानी हर महीने ₹540 का फायदा। इसी तरह ₹35,400 बेसिक सैलरी वालों को हर महीने ₹1,062 ज्यादा मिलेंगे। ₹44,900 बेसिक सैलरी वालों को ₹1,347 का फायदा होगा। कैबिनेट सचिव जैसी ऊंची पोस्ट पर बैठे अफसर को हर महीने ₹7,500 का अतिरिक्त DA मिलेगा। सालाना हिसाब से देखें तो यह रकम ₹6,480 से लेकर ₹90,000 तक बढ़ोतरी लाएगी।
मिलेगा 3 महीने का एरियर भी
DA की बढ़ोतरी का ऐलान भले अक्टूबर में होगा, लेकिन यह 1 जुलाई 2025 से लागू माना जाएगा। यानी कर्मचारियों को जुलाई, अगस्त और सितंबर के लिए 3 महीने का एरियर भी मिलेगा।
अगर आपकी सैलरी में हर महीने ₹1,347 बढ़ रहे हैं, तो अक्टूबर की सैलरी में आपको ₹4,041 का एरियर भी मिलेगा। यह दिवाली शॉपिंग और खर्चों के लिए बोनस की तरह होगा।
8वें वेतन आयोग की आहट
यह बढ़ोतरी सिर्फ आपकी जेब भारी नहीं करेगी, बल्कि 8वें वेतन आयोग की चर्चा को भी और तेज कर रही है। नियम के अनुसार जब DA 50% से ऊपर चला जाता है, तो नया वेतन आयोग लागू करने का दबाव बढ़ता है। चूंकि अब DA 58% हो जाएगा, इसलिए 1 जनवरी 2026 से 8वें वेतन आयोग लागू होने की उम्मीद और मजबूत हो गई है।
