घर खरीदना एक बड़ी उपलब्धि है। इसलिए हम सभी कम से कम एक घर का सपना जरूर देखते हैं। इस बड़े सपने को पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत कर पैसे कमाते हैं और पाई-पाई की बचत कर घर खरीदते हैं। लेकिन सभी के मन में घर खरीदने से पहले एक सवाल तैरता रहता है कि घर खरीदने की सही उम्र क्या है- 25, 30, 35 या 45? इस महत्वपूर्ण सवाल को लेकर अधिकांश होम बायर्स कन्फ्यूज रहते हैं। हमने इस उलझन को सुलझाने के लिए देश के दिग्गज रियल एस्टेट एक्सपर्ट और अंतरिक्ष इंडिया के सीएमडी (CMD) राकेश यादव से खास बातचीत की। आइए जानते हैं कि उन्होंने इस पर क्या जरूरी सलाह दी है।
हर उम्र में घर खरीदने के अपने फायदे
25-30 साल में घर खरीदना
कम उम्र में प्रॉपर्टी खरीदने का कोई नुकसान नहीं है, क्योंकि यह एक एसेट (संपत्ति) होती है। कम उम्र में घर खरीदने पर होम लोन चुकाने के लिए लंबा वक्त मिलता है।
फायदे:
- रिटायरमेंट से बहुत पहले लोन खत्म: अगर आप कम उम्र में प्रॉपर्टी खरीदते हैं तो 50 से 53 साल की उम्र तक आप पूरी तरह कर्ज मुक्त हो जाते हैं।
- किराए के खर्च की बचत: कम उम्र में घर खरीदने से आपको किराए के खर्च से बचत होती है।
- लंबी अवधि में बंपर रिटर्न:अगर कम उम्र में प्रॉपर्टी निवेश के लिए भी खरीदते हैं तो आपको शानदार रिटर्न मिलता है।
चुनौतियां:
- आर्थिक अनिश्चितता: करियर की शुरुआती स्टेज में नौकरी को लेकर अनिश्चितता हो सकती है।
- बदलती प्राथमिकताएं: जीवन के लक्ष्य बदल सकते हैं, जिससे प्रॉपर्टी बेचनी पड़ सकती है।
30-35 की उम्र में घर खरीदना
आमतौर पर मेट्रो शहरों में युवा 30 से 35 साल की उम्र के बीच में वित्तीय रूप से मजबूत हो जाते हैं। इस उम्र में डाउन पेमेंट करना आसान होता है।
फायदे:
- स्टेबल करियर: 30 की उम्र में अच्छी इनकम वाली एक पक्की नौकरी मिल जाती है, जिससे होम लोन की किस्तें (EMI) चुकाने में मदद मिलती है।
- ज्यादा बचत: डाउन पेमेंट के लिए ज्यादा बचत हो जाती है।
चुनौतियां:
- बढ़ता खर्च: 30 की उम्र में परिवार शुरू करने का समय होता है, इसलिए बच्चों की देखभाल और उनकी पढ़ाई-लिखाई जैसे खर्च भी होते हैं।
- संतुलन बनाना मुश्किल: परिवार और EMI चुकाने के बीच संतुलन बनाना मुश्किल होता है।
इस उम्र में घर खरीदने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि आप अपनी बचत से घर खरीद सकते हैं। अब अधिक डाउन पेमेंट दे पाते हैं। इससे लोन का बोझ हल्का रहता है। हालांकि, इस उम्र में वित्तीय जिम्मेदारी बढ़ जाती है।
फायदे:
- आर्थिक स्थिति: आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और क्रेडिट स्कोर भी अच्छा होता है।
- स्थिर जीवनशैली: जीवनशैली स्थिर होगी और जीवन में कोई बड़े बदलाव नहीं होते हैं।
चुनौतियां:
- उम्र से जुड़ी चिंताएं: उम्र बढ़ने के साथ सेहत से जुड़ी समस्याओं के लिए अतिरिक्त आर्थिक योजना की जरूरत।
- वित्तीय बोझ: उम्र बढ़ने के साथ वित्तीय बोझ परेशान कर सकता है।
50 की उम्र या उसके बाद घर खरीदना
50 का दशक घर खरीदने के लिए सबसे आदर्श उम्र नहीं माना जाता है, लेकिन अगर खरीदार आर्थिक रूप से पूरी तरह सुरक्षित हैं, तो वे एक बड़ा डाउन पेमेंट कर सकते हैं। वे अपने रिटायरमेंट (सेवानिवृत्ति) के बाद के जीवन के लिए एक आरामदायक आशियाने की योजना बना सकते हैं, हालांकि स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं प्रॉपर्टी की देखरेख (मेंटेनेंस) करने की उनकी क्षमता को सीमित कर सकती हैं।
