बिजनेस

DMart तो सब जाते हैं, लेकिन क्या जानते हैं She-Mart के बारे में?

क्या आप जानते हैं कि जल्द ही आपके पड़ोस में DMart जैसा ही एक और भरोसेमंद स्टोर खुलने वाला है, जिसकी मालकिन महिलाएं होंगी? बजट 2026 में सरकार ने 'SHE Mart' की एक क्रांतिकारी शुरुआत की है। ये सिर्फ साधारण दुकानें नहीं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के हुनर को सीधा बाजार से जोड़ने वाले आधुनिक रिटेल आउटलेट होंगे।

Shemart

Shemart

जब भी हम कम कीमत और भरोसेमंद ग्रॉसरी या घरेलू सामान की बात करते हैं, तो हमारे दिमाग में सबसे पहला नाम DMart का आता है। लोग दूर-दूर से यहां खरीदारी करने जाते हैं क्योंकि यहां जरूरत की हर चीज़ एक ही छत के नीचे सस्ती मिल जाती है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि क्या गांवों की महिलाएं भी अपना खुद का ऐसा ही कोई स्टोर चला सकती हैं? बजट 2026 में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इसी सपने को सच करने के लिए 'She-Mart' (Self-Help Entrepreneur Mart) की शुरुआत करने का बड़ा ऐलान किया है। यह सिर्फ एक छोटी दुकान नहीं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं द्वारा संचालित एक आधुनिक रिटेल आउटलेट होगा, जो महिला सशक्तिकरण की परिभाषा बदल देगा।

लखपति दीदी से 'बिजनेस क्वीन' बनने का सफर

सरकार का 'लखपति दीदी' प्रोग्राम पहले से ही देशभर में धूम मचा रहा है। इस योजना के जरिए अब तक 2 करोड़ से ज्यादा महिलाएं साल भर में कम से कम 1 लाख रुपये की कमाई कर रही हैं। लेकिन बजट 2026 में सरकार ने इसे एक कदम और आगे ले जाने का फैसला किया है। अब सरकार चाहती है कि ये महिलाएं सिर्फ छोटे-मोटे लोन तक सीमित न रहें, बल्कि खुद उद्यमी (Entrepreneurs) बनें। इसी लक्ष्य को पूरा करने के लिए 'She-Marts' लाए जा रहे हैं। इन मार्ट्स का मालिकाना हक और मैनेजमेंट पूरी तरह से महिलाओं के पास होगा, जिससे वे खुद के ब्रांड को प्रमोट कर सकेंगी।

क्या है She-Mart का असली कॉन्सेप्ट?

She-Mart असल में क्लस्टर-लेवल फेडरेशन के तहत काम करेंगे। इसका मतलब है कि कई गांवों के स्वयं सहायता समूह (Self-Help Groups) मिलकर एक बड़ा स्टोर या मार्ट चलाएंगे। इन मार्ट्स में आपको वह सब कुछ मिलेगा जो गांव की महिलाएं अपने हाथों से तैयार करती हैं जैसे जैविक सब्जियां, हस्तशिल्प, शुद्ध अचार-पापड़, हाथ से बने साबुन, मसाले और लोकल स्पेशलिटी वाली चीजें। अक्सर ग्रामीण महिलाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह होती थी कि वे सामान तो बना लेती थीं, लेकिन उन्हें बेचने के लिए सही बाजार नहीं मिलता था। She-Mart इस समस्या को जड़ से खत्म कर देगा और उन्हें सीधे ग्राहकों से जोड़ देगा।

इनोवेटिव फाइनेंसिंग और सरकारी मदद

बिजनेस शुरू करने के लिए सबसे बड़ी जरूरत पैसे की होती है। सरकार ने बजट में स्पष्ट किया है कि She-Marts को 'इनोवेटिव फाइनेंसिंग' के जरिए मदद दी जाएगी। यानी इन स्टोर को सेटअप करने के लिए महिलाओं को बहुत ही आसान शर्तों पर लोन और ग्रांट (अनुदान) मिलेगा। इससे उन पर कर्ज का बोझ नहीं बढ़ेगा और वे पूरी एकाग्रता के साथ अपने बिजनेस को बढ़ा सकेंगी। सरकार का लक्ष्य 2027 तक 3 करोड़ लखपति दीदियां बनाने का है, और She-Marts इस लक्ष्य को हासिल करने में सबसे बड़ी भूमिका निभाएंगे।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था में आएगी नई क्रांति

She-Marts के आने से सिर्फ महिलाओं की कमाई ही नहीं बढ़ेगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था (Rural Economy) को भी जबरदस्त मजबूती मिलेगी। जब गांव का पैसा गांव में ही घूमेगा और महिलाओं के हाथ में सीधे आमदनी आएगी, तो इसका असर उनके परिवार के पोषण, बच्चों की शिक्षा और उनके आत्मविश्वास पर दिखेगा। यह योजना महिलाओं को 'मदद मांगने वाली' की स्थिति से निकालकर 'रोजगार देने वाली' की भूमिका में ले आएगी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

रिचा त्रिपाठी
रिचा त्रिपाठी author

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिच... और देखें

End of Article