NPS Swasthya Scheme : बुढ़ापे में नियमित आय यानी पेंशन के साथ-साथ गंभीर बीमारियों के इलाज का खर्च उठाना एक बड़ी चुनौती होता है। इसी समस्या के समाधान के लिए पेंशन फंड नियामक एवं विकास प्राधिकरण (PFRDA) एक नई पहल करने जा रहा है, जिसे 'एनपीएस स्वास्थ्य' (NPS Swasthya) नाम दिया गया है। इस योजना को आगामी अक्तूबर महीने में लॉन्च करने की पूरी तैयारी कर ली गई है और इसके लिए विस्तृत दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। यह नया खाता मौजूदा सामान्य एनपीएस (NPS) से काफी अलग होगा और इसमें पेंशन बचत के साथ स्वास्थ्य बीमा का मिलना अनिवार्य किया गया है।
दो भागों में बंटी होगी योजना, 30 लाख रुपये तक का सुरक्षा कवर
'एनपीएस स्वास्थ्य' योजना को मुख्य रूप से दो हिस्सों में डिजाइन किया गया है:-
- निवेश खाता: जिसमें आपकी जमा राशि पर पेंशन के लिए फंड तैयार होगा।
- सुपर टॉप-अप स्वास्थ्य बीमा: जिसे लेना सभी खाताधारकों के लिए अनिवार्य होगा।
यद्यपि पेंशन खाता और बीमा पॉलिसी कानूनी व परिचालन के स्तर पर एक-दूसरे से स्वतंत्र रहेंगे, लेकिन पेंशन फंड प्रबंधक (PFMs) और बीमा कंपनियां मिलकर इसे एक ज्वाइंट प्रोडक्ट के रूप में लॉन्च करेंगी। ग्राहकों को अपनी सुविधानुसार अलग-अलग पेंशन फंडों और बीमा लाभों के आधार पर चुनाव करने की पूरी छूट मिलेगी। इस योजना के तहत प्रीमियम के हिसाब से 1 लाख रुपये से लेकर 30 लाख रुपये तक का बीमा कवर चुना जा सकता है। इसके अलावा, किसी भी इमरजेंसी मेडिकल की स्थिति में अपने पेंशन खाते से 25 प्रतिशत तक की राशि निकालने की छूट भी दी जाएगी।
पात्रता और परिवार कवर के नियम
इस योजना की शुरुआत 18 वर्ष से लेकर 70 वर्ष की आयु का कोई भी नागरिक कर सकता है और इसे 85 वर्ष की उम्र तक जारी रखा जा सकता है।
- फैमिली फ्लोटर का लाभ:- अनिवार्य सुपर टॉप-अप बीमा में परिवार फ्लोटर प्लान का विकल्प मिलेगा। इसके तहत मुख्य ग्राहक, उनकी पत्नी या पति और अधिकतम दो आश्रित बच्चों को कवर किया जाएगा।
- माता-पिता शामिल नहीं:- ध्यान देने योग्य बात यह है कि इस योजना के बीमा कवर में माता-पिता (Parents) को शामिल करने का प्रावधान नहीं रखा गया है।
खाता कैसे खोलें?
योजना में शामिल होने की प्रक्रिया को बेहद सरल बनाया गया है:-
- मौजूदा एनपीएस ग्राहक:- जिन लोगों के पास पहले से सामान्य एनपीएस खाता मौजूद है, वे आसानी से एक अलग 'स्वास्थ्य खाता' खुलवा सकते हैं। इसके लिए उन्हें केवल अपनी पसंद के अनुसार लागू बीमा प्रीमियम की राशि ट्रांसफर करनी होगी।
- नए ग्राहक:- जिनके पास एनपीएस खाता नहीं है, वे सीधे 'एनपीएस स्वास्थ्य' खाता खोल सकते हैं। इसके लिए उन्हें तय न्यूनतम निवेश राशि और पहला सालाना प्रीमियम एक साथ जमा करना होगा।
प्रीमियम और बीमा राशि का ढांचा
योजना के तहत सालाना प्रीमियम के आधार पर मिलने वाला बीमा कवर इस प्रकार है:-
- ₹10,000 सालाना प्रीमियम: ₹1 लाख का बीमा कवर
- ₹50,000 सालाना प्रीमियम: ₹5 लाख का बीमा कवर
- ₹1,00000 (1 लाख) सालाना प्रीमियम: ₹10 लाख का बीमा कवर
- ₹3,00000 (3 लाख) सालाना प्रीमियम: ₹30 लाख का बीमा कवर
यह योजना बुजुर्गों और नौकरीपेशा लोगों के लिए एक ऐसा एकीकृत समाधान साबित होगी, जहां उन्हें रिटायरमेंट फंड की चिंता से मुक्ति के साथ-साथ अचानक आने वाले बड़े मेडिकल खर्चों से भी सुरक्षा मिलेगी।
